IPS पूरन कुमार के गनमैन की पत्नी बोलीं-जेल में बंद मेरे पति को जान का खतरा, कुछ अफसर चुप कराना चाह रहे

हरियाणा के IPS वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में नया मोड़ आया है। उनके गनमैन सुशील कुमार की पत्नी ने हरियाणा सरकार को पत्र लिखकर आरोप लगाया है कि उनके पति की रोहतक जेल में जान को खतरा है और उन्हें प्रताड़ित किया जा रहा है।

IPS पूरन कुमार के गनमैन की पत्नी बोलीं-जेल में बंद मेरे पति को जान का खतरा, कुछ अफसर चुप कराना चाह रहे
  • IPS वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में नया मोड़, गनमैन सुशील कुमार की जान को खतरा बताया गया।

  • सुशील की पत्नी सोनी देवी ने सरकार को लिखे पत्र में चार बड़े आरोप लगाए, कहा – जेल में मिल रही हैं यातनाएं और धमकियां।

  • पत्र में कहा गया – सुशील इस केस के मुख्य गवाह हैं, कुछ अधिकारी उन्हें चुप कराना चाहते हैं।


हरियाणा के सीनियर IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार सुसाइड केस में अब एक और बड़ा मोड़ सामने आया है। पूरन कुमार के गनमैन सुशील कुमार, जो इस वक्त रोहतक जेल में बंद हैं, उनकी जान को खतरा बताया गया है। सुशील की पत्नी सोनी देवी ने हरियाणा सरकार को एक भावुक पत्र लिखते हुए दावा किया है कि उनके पति को जेल में लगातार यातनाएं दी जा रही हैं और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने मांग की है कि सुशील को तुरंत किसी सुरक्षित जेल, जैसे अंबाला या चंडीगढ़ जेल, में शिफ्ट किया जाए।

सोनी देवी ने अपने पत्र में चार बड़े दावे किए हैं। उन्होंने लिखा है कि उनके पति IPS वाई पूरन कुमार की आत्महत्या से जुड़ी FIR (0156/2025) में मुख्य गवाह हैं और यही कारण है कि उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सुशील ही एकमात्र व्यक्ति हैं, जो यह साबित कर सकते हैं कि रोहतक में दर्ज FIR झूठी और साजिशन थी। इस FIR में उन्हें गलत तरीके से फंसाया गया, ताकि वाई पूरन कुमार को मानसिक रूप से परेशान किया जा सके।

सोनी देवी ने आगे लिखा कि जिन प्रभावशाली अधिकारियों पर पूरन कुमार के परिवार ने मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया था, वे अब मुख्य गवाह सुशील को चुप कराने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पूरन कुमार का परिवार अनुसूचित जाति (SC) समुदाय से है, और उन्हें लगता है कि उनके पति को जानबूझकर निशाना बनाया जा रहा है।

लेटर में उन्होंने यह भी खुलासा किया कि संदीप और विकास नाम के दो कैदी सुशील को रोजाना जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं। सोनी देवी ने अधिकारियों से अपील की है कि इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया जाए और उनके पति को तुरंत किसी सुरक्षित जेल में भेजा जाए।

सोनी देवी ने यह पत्र 2 नवंबर को हरियाणा के अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह), महानिदेशक (जेल), पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल, रोहतक जिला एवं सत्र न्यायाधीश, चंडीगढ़ SIT और जेल अधीक्षक को भेजा है।

इस केस की पृष्ठभूमि की बात करें तो 6 अक्टूबर को रोहतक पुलिस ने सुशील कुमार को भ्रष्टाचार के एक मामले में गिरफ्तार किया था। इसके अगले ही दिन यानी 7 अक्टूबर को IPS वाई पूरन कुमार ने चंडीगढ़ स्थित अपने सरकारी आवास पर खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया था। बताया जा रहा है कि जिस रिवॉल्वर से उन्होंने खुद को गोली मारी, वह सुशील कुमार की सर्विस रिवॉल्वर थी। वहीं, सुशील की गिरफ्तारी करने वाली टीम में शामिल ASI संदीप लाठर ने भी 14 अक्टूबर को आत्महत्या कर ली थी।

इस मामले की जांच चंडीगढ़ पुलिस की SIT कर रही है। SIT ने हाल ही में दो वकीलों के बयान दर्ज किए, जिन्होंने बताया कि पूरन कुमार ने अपनी मौत से एक दिन पहले उनसे कानूनी सलाह ली थी। वकीलों ने कहा कि पूरन कुमार ने बताया था कि सुशील की गिरफ्तारी तो सिर्फ शुरुआत है, जल्द ही उन्हें भी झूठे मामले में फंसाया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि अधिकारी उस वक्त बेहद मानसिक दबाव में थे।

पूरन कुमार की मौत के बाद अब उनके गनमैन सुशील कुमार के साथ क्या हो रहा है, यह सवाल पूरे हरियाणा में चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले में सरकार से लेकर जांच एजेंसियों तक सबकी भूमिका पर अब सवाल उठने लगे हैं।