पेट्रोल-डीजल की किल्लत का डर खत्म, भारत के पास है इतने महीने का स्टॉक, LPG पर भी आया अपडेट
मिडिल ईस्ट तनाव के बावजूद भारत में पेट्रोल, डीजल, LPG, PNG और CNG की सप्लाई पर्याप्त है। सरकार ने दो महीने का स्टॉक सुनिश्चित कर आम जनता को राहत दी।
■ भारत में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं, सरकार ने दी राहत
■ मिडिल ईस्ट तनाव के बावजूद LPG की कीमत स्थिर
■ PNG-CNG सप्लाई 100% सुनिश्चित, दो महीने का स्टॉक तैयार
मिडिल ईस्ट में जारी तनाव के बीच जहां पूरी दुनिया में एनर्जी संकट को लेकर चिंता बढ़ रही है, वहीं भारत में आम जनता के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने साफ किया है कि देश में पेट्रोल, डीजल, PNG और CNG की कोई कमी नहीं है और अगले दो महीने तक पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
मंत्रालय के अनुसार, वैश्विक बाजार में LPG की कीमतों में करीब 40 प्रतिशत तक बढ़ोतरी के बावजूद घरेलू उपभोक्ताओं के लिए सिलेंडर के दाम में कोई वृद्धि नहीं की गई है। हालांकि, इस फैसले के चलते तेल कंपनियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है, लेकिन सरकार ने आम लोगों को राहत देने को प्राथमिकता दी है।
जानकारी के मुताबिक, करीब दो महीने पहले Brent Crude Oil की कीमत लगभग 70 डॉलर प्रति बैरल थी, जो अब बढ़कर 100 डॉलर के पार पहुंच चुकी है। इसके बावजूद भारत में 6 अप्रैल 2022 से पेट्रोल और डीजल के दाम स्थिर हैं, जिससे उपभोक्ताओं को महंगाई से राहत मिल रही है।
मंत्रालय ने बताया कि PNG और CNG की सप्लाई पूरी तरह सुचारू है और देशभर में इसकी उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। वहीं LPG वितरण व्यवस्था भी मजबूत बनी हुई है। करीब 92 प्रतिशत बुकिंग ऑनलाइन हो रही है और 81 प्रतिशत डिलीवरी ऑथेंटिकेशन कोड के जरिए की जा रही है। हाल ही में एक दिन में 60 लाख सिलेंडर की डिलीवरी की गई, जबकि 23 मार्च से अब तक 3.9 लाख 5 किलो वाले सिलेंडर बेचे जा चुके हैं।
इसके अलावा, सरकार ने राज्यों को केरोसीन (मिट्टी का तेल) वैकल्पिक ईंधन के रूप में उपलब्ध कराया है, ताकि जरूरत पड़ने पर इसका इस्तेमाल किया जा सके।
वहीं, एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में करीब 25 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, लेकिन मंत्रालय का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ी कीमतों के मुकाबले यह वृद्धि अपेक्षाकृत कम है। सरकार का फोकस है कि हवाई यात्रा आम लोगों के लिए सुलभ और किफायती बनी रहे।
Akhil Mahajan