खुशखबरी: हरियाणा ग्रुप-C भर्ती में HSSC ने बढ़ाए पद; जानें कितनी पोस्ट का किया इजाफा, आवेदन अब 6 फरवरी से
हरियाणा ग्रुप-C भर्ती 2026 में HSSC ने पदों की संख्या बढ़ा दी है। स्टेनो टाइपिस्ट और जूनियर स्टेनोग्राफर के 193 नए पद जुड़े हैं। आवेदन अब 6 फरवरी से होंगे।
➤ HSSC ने ग्रुप-C भर्ती में पदों की संख्या बढ़ाई
➤ स्टेनो टाइपिस्ट के कुल 193 पद और जोड़े गए
➤ ऑनलाइन आवेदन 2 नहीं, अब 6 फरवरी 2026 से शुरू होंगे
हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग (HSSC) की परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। आयोग ने विज्ञापन संख्या 03/2026 के तहत निकाली गई ग्रुप-C भर्तियों में पदों की संख्या बढ़ा दी है। इसके साथ ही आवेदन प्रक्रिया की तारीख में भी बदलाव किया गया है। पहले आवेदन 2 फरवरी 2026 से शुरू होने थे, लेकिन अब ऑनलाइन आवेदन 6 फरवरी 2026 से किए जा सकेंगे।
HSSC द्वारा जारी संशोधित जानकारी के अनुसार, ग्रुप-2 के अंतर्गत स्टेनो टाइपिस्ट के पदों की संख्या 486 से बढ़ाकर 586 कर दी गई है। यानी इस कैटेगरी में 100 अतिरिक्त पद जोड़े गए हैं। इससे बड़ी संख्या में उम्मीदवारों को चयन का बेहतर मौका मिलेगा।
वहीं ग्रुप-3 के अंतर्गत भी पदों में बढ़ोतरी की गई है। ग्रुप-3 में स्टेनो टाइपिस्ट के पद 696 से बढ़कर 702 हो गए हैं। इसके अलावा जूनियर स्केल स्टेनोग्राफर के पदों में सबसे बड़ा बदलाव देखने को मिला है, जहां पदों की संख्या 173 से बढ़ाकर 260 कर दी गई है। यानी इस श्रेणी में 87 नए पद बढ़ाए गए हैं।
इस तरह कुल मिलाकर स्टेनो और स्टेनोग्राफर से जुड़े पदों में 193 पदों की बढ़ोतरी की गई है, जिससे भर्ती प्रक्रिया पहले की तुलना में और अधिक व्यापक हो गई है। आयोग के चेयरमैन ने भी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इस बदलाव की जानकारी दी है।
आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे आवेदन करने से पहले संशोधित विज्ञापन और दिशा-निर्देशों को ध्यान से पढ़ें। भर्ती से जुड़ी पूरी जानकारी और आधिकारिक नोटिस hssc.gov.in वेबसाइट पर उपलब्ध है। किसी भी तरह की गलती से बचने के लिए उम्मीदवारों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
Akhil Mahajan