बस हादसे में 4 यात्रियों की मौत, 10 गंभीर

HRTC की बस खाई में गिर गई। हादसे में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 10 की हालत गंभीर है। सीएम ने एयरलिफ्ट के निर्देश दिए हैं।

बस हादसे में  4 यात्रियों की मौत, 10 गंभीर

➤ नेरवा से पांवटा साहिब जा रही HRTC बस खाई में गिरी
➤ 4 यात्रियों की मौत, 10 की हालत गंभीर, कई अस्पतालों में भर्ती
➤ सीएम सुक्खू ने एयरलिफ्ट कर बेहतर इलाज के निर्देश दिए


उत्तराखंड के कवानू क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया, जब हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक बस अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में 4 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 10 यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और चीख-पुकार गूंज उठी।

उत्तराखंड के कवानू में हादसे के बाद खड्ड से नाले तक लाए गए घायल यात्री।

जानकारी के अनुसार नेरवा डिपो की बस नंबर HP-66A-2588 सुबह करीब 9:30 बजे नेरवा से पांवटा साहिब के लिए रवाना हुई थी। जैसे ही बस हरिपुर–कोटी–मीनस सड़क पर कवानू के पास सुबह करीब 10 बजे पहुंची, दूसरी गाड़ी को पास देते समय अचानक संतुलन बिगड़ गया। बस सड़क से फिसलकर शूदोई खड्ड में जा गिरी। हादसे के वक्त बस में 31 से 34 यात्री सवार बताए जा रहे हैं, जिनमें हिमाचल और उत्तराखंड दोनों राज्यों के लोग शामिल थे।

बस हादसे में घायलों को निकालते हुए स्थानीय लोग

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस के कंडक्टर ने फोन के जरिए पुलिस को घटना की सूचना दी। इसके बाद हिमाचल और उत्तराखंड पुलिस, SDRF की टीमें मौके पर पहुंचीं और संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया गया। घायलों को खाई से निकालकर एंबुलेंस के जरिए विकासनगर, देहरादून और पांवटा साहिब के अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

SDM चौपाल हेमचंद वर्मा ने बताया कि जिस स्थान पर बस गिरी, वहां डंगा धंसा हुआ है। आशंका जताई जा रही है कि इसी वजह से दूसरी गाड़ी को पास देते समय हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं।

उत्तराखंड के कवानू में हादसे के बाद खड्ड से नाले तक लाए गए घायल यात्री।

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान यास्मीन बैगम (46) पत्नी नेक मोहम्मद, रीचा (30) पत्नी वीरेंद्र, धन बहादुर और दिनेश कुमार (54) निवासी नेरवा के रूप में हुई है। वहीं गंभीर रूप से घायल यात्रियों में केवल राम, श्याम सिंह चौहान, निशा, प्रगति, अंजना, ईश्वर शर्मा, बंशुल, हस्सैन अली, विनोद कुमार और कृष्ण कुमार शामिल हैं। एक यात्री बलवीर को हल्की चोटें आई हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने स्वयं डीसी शिमला से बात कर स्थिति की जानकारी ली और घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायलों को हेलिकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के आदेश भी दिए हैं।

सीएम ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। फिलहाल प्रशासन और पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मौके पर हालात पर नजर रखी जा रही है।