घने कोहरे से बड़ा हादसा, रोडवेज की 2 बसें टकराईं 5 वाहन भिड़े, 100 से ज्यादा यात्रियों की जान बची

घने कोहरे के कारण हिसार में रोडवेज की दो बसें समेत पांच वाहन टकरा गए। हादसे में 100 से ज्यादा यात्रियों की जान बची। धुंध के चलते हिसार-दिल्ली फ्लाइट भी रद कर दी गई।

घने कोहरे से बड़ा हादसा, रोडवेज की 2 बसें टकराईं  5 वाहन भिड़े, 100 से ज्यादा यात्रियों की जान बची


• घने कोहरे के कारण हिसार में रोडवेज की 2 बसें समेत 5 वाहन टकराए
• हादसे में 100 से ज्यादा यात्रियों की जान बची, बाइक सवार घायल
• धुंध के चलते हिसार-दिल्ली फ्लाइट कैंसिल, 11 जिलों में अलर्ट



हरियाणा के अधिकांश जिलों में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा, जिससे जनजीवन और यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। कई इलाकों में दृश्यता घटकर 5 से 10 मीटर तक रह गई। इसी वजह से हिसार और झज्जर में बड़े सड़क हादसे सामने आए।

हिसार में नेशनल हाईवे 52 पर धिकताना मोड़ के पास घने कोहरे के चलते हरियाणा रोडवेज की दो बसें अन्य वाहनों से टकरा गईं। हादसा सुबह करीब 8 बजे हुआ। कोहरे के कारण सामने से आ रहे वाहनों की दूरी का अंदाजा नहीं लग सका और देखते ही देखते पांच वाहन आपस में भिड़ गए।

जानकारी के अनुसार, कैथल रोडवेज डिपो की सवारियों से भरी बस पहले एक डंपर से टकराई। इसके बाद पीछे से आ रही दूसरी रोडवेज बस एक ऑल्टो कार से जा भिड़ी। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक भी हादसे की चपेट में आ गया। हादसे में बसों में सवार 100 से ज्यादा यात्रियों की जान बाल-बाल बच गई। बाइक सवार युवक को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

इसी तरह झज्जर-रेवाड़ी रोड पर कुलाना चौक के पास भी घने कोहरे के कारण दो बसें आपस में टकरा गईं। एक निजी सवारी बस आगे चल रही कंपनी की बस से पीछे से जा टकराई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में कई यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जबकि सवारी बस का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

कोहरे का असर हवाई सेवाओं पर भी पड़ा है। धुंध के कारण हिसार-दिल्ली फ्लाइट को रद कर दिया गया है। डीजीसीए ने एक महीने के लिए नया विंटर शेड्यूल जारी किया है, जिसके तहत 16 दिसंबर से आगामी आदेशों तक हिसार-दिल्ली और दिल्ली-हिसार रूट बंद रहेंगे।

मौसम विभाग ने रविवार को हरियाणा के 11 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। इनमें पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, जींद, सोनीपत, रोहतक, अंबाला, भिवानी और झज्जर शामिल हैं। सुबह हिसार, सोनीपत, गुरुग्राम, फरीदाबाद समेत कई जिलों में धुंध का असर साफ नजर आया।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, कोहरे के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ने की संभावना है। वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि वे बेहद सावधानी से वाहन चलाएं और गति सीमित रखें।