CM के कार्यक्रम में बत्ती गुल, CMO ने फ्लैश लाइट में पढ़ा भाषण
हिसार सिविल अस्पताल में मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य परियोजना कार्यक्रम के दौरान बिजली गुल हो गई। CMO ने मोबाइल फ्लैश लाइट में भाषण पढ़ा, जबकि मंत्री और अधिकारी असहज नजर आए।
- CM के कार्यक्रम में हिसार सिविल अस्पताल की बिजली गुल
- CMO ने मोबाइल की फ्लैश लाइट में पढ़ा भाषण
- मंत्री, विधायक और अधिकारी कार्यक्रम में असहज नजर आए
हरियाणा सरकार की 100 करोड़ रुपए की स्वास्थ्य परियोजनाओं के शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान हिसार में बड़ी अव्यवस्था देखने को मिली। मुख्यमंत्री नायब सैनी पंचकूला से वर्चुअली कार्यक्रम से जुड़े हुए थे, जबकि विभिन्न जिलों में मंत्री स्थानीय स्तर पर मौजूद थे। इसी दौरान हिसार के नागरिक अस्पताल में कार्यक्रम के बीच अचानक बिजली गुल हो गई।
जानकारी के अनुसार, हिसार के सिविल अस्पताल में आयोजित कार्यक्रम में सीएमओ डॉ. सपना गहलावत स्वागत भाषण दे रही थीं। इसी दौरान अचानक बिजली चली गई और पूरा हॉल अंधेरे में डूब गया। कार्यक्रम में मौजूद मंत्री रणबीर गंगवा, विधायक रणधीर पनिहार, पूर्व विधायक अनूप धानक सहित कई अधिकारी कुछ देर के लिए असहज स्थिति में नजर आए।
बिजली कटने के बाद सीएमओ ने स्थिति को संभालते हुए मोबाइल की फ्लैश लाइट जलाकर अपना भाषण पढ़ना जारी रखा। इस दौरान कार्यक्रम में मौजूद लोग एक-दूसरे का मुंह ताकते नजर आए। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान एक नहीं बल्कि दो बार बिजली बाधित हुई। पहली बार करीब ढाई मिनट तक बिजली नहीं रही। इसके बाद कर्मचारी लाइन की जांच करने के लिए बाहर निकल गए। दूसरी बार बिजली मंत्री रणबीर गंगवा के संबोधन के दौरान गई, हालांकि कुछ सेकेंड बाद सप्लाई बहाल हो गई।
मंत्री रणबीर गंगवा स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न परियोजनाओं के शुभारंभ और शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचे थे। इस दौरान स्वस्थ नारी सशक्त परिवार क्लीनिक का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा असरावां, मोडाखेड़ा और जाखोद खेड़ा हेल्थ सब सेंटर का शुभारंभ भी हुआ। वहीं अमृत फार्मेसी स्टोर और मिल्क पार्लर परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया।
बिजली कटने की घटना के बाद सवाल इसलिए भी उठे क्योंकि हिसार नागरिक अस्पताल हॉटलाइन बिजली व्यवस्था से जुड़ा हुआ है। इसके बावजूद कार्यक्रम के दौरान बिजली बाधित होने से स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े हो गए।
हालांकि बिजली निगम ने इस मामले में अपनी जिम्मेदारी से इनकार किया है। बिजली निगम के एसई एफआर नकवी ने बताया कि बिजली विभाग की तरफ से कोई तकनीकी खराबी नहीं थी। अस्पताल परिसर के अंदर फॉल्ट आने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी, जिसे बाद में ठीक कर दिया गया।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री द्वारा घोषित बजट प्रावधानों के तहत बनने वाली 24 घंटे खुली रहने वाली अमृत फार्मेसी और मिल्क पार्लर की योजना को भी आगे बढ़ाया गया। इन सुविधाओं से मरीजों और उनके परिजनों को किफायती दवाइयों और खाद्य सामग्री की सुविधा मिलेगी।
Akhil Mahajan