पुलिस पर पथराव, एएसआई घायल, मकान कब्जा छुड़ाने गई पुलिस पर हमला
हिसार में मकान कब्जा छुड़ाने गई पुलिस पर पथराव। एएसआई घायल। विरोध में कब्जेधारी ने खुद को आग लगाई, हालत गंभीर।
- हिसार में मकान कब्जा छुड़ाने गई पुलिस पर पथराव
- एएसआई और महिला पुलिसकर्मी घायल, गाड़ियों के शीशे टूटे
- कब्जेधारी ने विरोध में खुद को आग लगाई, हालत गंभीर
हरियाणा के हिसार में मकान का कब्जा छुड़ाने गई पुलिस टीम पर लोगों ने पथराव कर दिया। इस दौरान पुलिस वैन के शीशे तोड़ दिए गए और एएसआई सहित महिला पुलिसकर्मियों को चोटें आईं। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना राम विहार कॉलोनी की है, जहां कोर्ट के आदेश पर पुलिस देर शाम एक मकान खाली कराने पहुंची थी। पुलिस ने घर के बाहर पहुंचकर अंदर रह रहे राजेश से मकान खाली करने को कहा। इस पर उसने विरोध शुरू कर दिया। पुलिस के अंदर घुसते ही परिवार के अन्य सदस्य भी बाहर आ गए और कार्रवाई का विरोध करने लगे।
पुलिस ने इसके बाद कमरों के ताले तोड़कर घर का सामान बाहर निकालना शुरू किया। इस दौरान राजेश ने विरोध में घर में रखा ज्वलनशील पदार्थ अपने ऊपर छिड़क लिया और आग लगा ली। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत पानी डालकर आग बुझाई, लेकिन तब तक राजेश का चेहरा बुरी तरह झुलस चुका था।
पुलिस ने घायल राजेश को एम्बुलेंस के जरिए हिसार के सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत के चलते उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलते ही कॉलोनी के लोग भड़क उठे और पुलिस टीम पर पथराव शुरू कर दिया। इसमें पुलिस की कई गाड़ियों के शीशे टूट गए और कुछ पुलिसकर्मी घायल हो गए। सूचना मिलने पर एएसपी मौके पर पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। फिलहाल कॉलोनी में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, राजेश पिछले 14 से 15 साल से इस मकान में रह रहा था। ऋषि नगर निवासी कृष्ण ने अदालत में दावा किया था कि मकान उसका है और राजेश उस पर अवैध रूप से कब्जा किए हुए है। कोर्ट ने मकान खाली करने के आदेश दिए थे, जिसके बाद पुलिस कार्रवाई के लिए पहुंची थी।
राजेश की पत्नी जागीरो देवी, जो आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हैं, का कहना है कि उन्होंने यह मकान कृष्ण से किस्तों में खरीदा है, लेकिन उन्हें कोई दस्तावेज नहीं दिए गए। उन्होंने इस मामले को लेकर हाईकोर्ट में याचिका दायर की हुई है।
मामले में एचटीएम थाना प्रभारी ईश्वर सिंह ने बताया कि 10 से 12 लोगों ने पुलिस पर पथराव किया है। सभी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जा रही है। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है।
Akhil Mahajan