बंद कमरे में आग जलाकर सोए थे, नवविवाहि‍त समेत तीन की मौत, 2 गंभीर

हिसार के ढंडूर गांव की फर्नीचर फैक्ट्री में बंद कमरे में आग जलाने से गैस बनी, दम घुटने से 3 मजदूरों की मौत हुई, 2 की हालत गंभीर है।

बंद कमरे में आग जलाकर सोए थे, नवविवाहि‍त समेत तीन की मौत,  2 गंभीर
  • हिसार के ढंडूर गांव की फर्नीचर फैक्ट्री में दम घुटने से 3 मजदूरों की मौत
  • लोहे की बाल्टी में आग जलाकर बंद कमरे में सोए थे 5 लोग, 2 की हालत गंभीर
  • मृतकों में एक युवक की 2 महीने पहले हुई थी शादी


हरियाणा के हिसार में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में दम घुटने से तीन मजदूरों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। यह हादसा ढंडूर गांव स्थित फर्नीचर फैक्ट्री में हुआ। जानकारी के अनुसार, पांचों मजदूर लोहे की बाल्टी में आग जलाकर कमरा अंदर से बंद कर सोए हुए थे

दोपहर करीब 1 बजे तक जब कमरे से कोई हलचल नहीं हुई और बाहर की लाइट जलती रही, तो पास के क्वार्टर में रहने वाले फैक्ट्रीकर्मी को शक हुआ। अन्य कर्मचारियों को बुलाकर कमरे की ऊपर बनी कांच की खिड़की से झांककर देखा गया, जहां सभी मजदूर बेसुध हालत में पड़े मिले

कर्मचारियों ने शीशा तोड़कर अंदर पानी डाला। अनुज, साहिल और अमरजीत की मौके पर ही मौत हो चुकी थी, जबकि शिवा और संजय की सांसें चल रही थीं। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस और एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी को हिसार सिविल अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद तीन को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो को गंभीर हालत में निजी अस्पताल रेफर किया गया।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि कमरा अंदर से बंद था और आग से बनी गैस के कारण मजदूरों का दम घुट गया। मृतकों में शामिल अनुज की नवंबर में ही शादी हुई थी। सभी मृतकों के शव सिविल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाए गए हैं। मंगलवार को पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा।