हिसार में डेयरी संचालक की हत्या पर सड़क जाम, 3 घंटे SP का इंतजार; जाम लगते ही 3 मिनट में पहुंचे अधिकारी
हिसार में डेयरी संचालक जीवन की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिवार और खाप ने सड़क जाम किया। 3 घंटे बाद SP पहुंचे, अब पक्का धरना शुरू होगा।
➤ जीवन हत्याकांड में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से परिवार और खाप प्रतिनिधियों में रोष
➤ पूनिया खाप प्रधान बोले- 3 घंटे SP का इंतजार किया, जाम लगाया तो 3 मिनट में पहुंचे
➤ आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं करने का फैसला, लघु सचिवालय में पक्का धरना जारी
हिसार। सूर्यनगर में डेयरी संचालक जीवन की हत्या के मामले में मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिवार और खाप प्रतिनिधियों ने शनिवार को सड़क जाम कर दिया। पूनिया और कुंडू खाप के प्रतिनिधि 48 घंटे का अल्टीमेटम पूरा होने के बाद पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन से मिलने लघु सचिवालय पहुंचे थे। आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने से नाराज प्रतिनिधियों ने सड़क पर जाम लगा दिया।
पूनिया खाप के प्रधान शमशेर सिंह पूनिया ने आरोप लगाया कि वे करीब तीन घंटे तक SP से मिलने का इंतजार करते रहे, लेकिन SP उनसे मिलने नहीं आए। शमशेर सिंह के मुताबिक, जब सड़क पर जाम लगाया गया तो SP करीब तीन मिनट के अंदर मौके पर पहुंच गए और पुलिस की टीमें आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगी होने की बात कही।
हालांकि, खाप प्रतिनिधि SP की इस बात से संतुष्ट नहीं हुए और उन्हें वापस जाने के लिए कह दिया। इसके बाद परिवार और खाप प्रतिनिधियों ने सड़क से जाम हटाकर लघु सचिवालय में पक्का धरना देने का फैसला किया।
परिवार का कहना है कि जब तक जीवन की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक उसका अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
48 घंटे का अल्टीमेटम पूरा होने के बाद पहुंचे थे SP से मिलने
पूनिया खाप के प्रधान शमशेर सिंह ने कहा कि खाप और परिवार की ओर से प्रशासन को 48 घंटे का समय दिया गया था। उनका कहना है कि इस दौरान प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार से कोई संतोषजनक बातचीत नहीं की गई।
शमशेर सिंह ने आरोप लगाया कि परिवार को डराया और धमकाया गया। उनके मुताबिक, परसों SHO ने कहा था कि जबरदस्ती अंतिम संस्कार करवा दिया जाएगा। इसके बाद पूनिया और कुंडू खाप के लोग एकजुट हुए और प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया गया।
जाम लगाया तो तीन मिनट में मौके पर पहुंचे SP
शमशेर सिंह ने कहा कि शनिवार को 48 घंटे का समय पूरा होने के बाद खाप प्रतिनिधि SP सिद्धांत जैन से बात करने लघु सचिवालय पहुंचे थे। उनका आरोप है कि वे तीन से चार घंटे तक SP का इंतजार करते रहे।
उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से उन्हें कहा गया कि SP शहर में नहीं हैं और छुट्टी पर हैं। इसके बाद जब सड़क पर जाम लगाया गया तो SP करीब तीन मिनट के अंदर मौके पर पहुंच गए।
शमशेर सिंह ने कहा कि वे चाहते हैं कि जीवन की हत्या के आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो। उन्होंने आरोपियों के एनकाउंटर की मांग भी रखी। उनका कहना है कि जाम SP के मौके पर नहीं पहुंचने के कारण लगाया गया था। अब परिवार और खाप प्रतिनिधि पक्का धरना लगाएंगे और इंसाफ मिलने तक धरना जारी रखने की बात कही है।
4 अगस्त की सुबह जीवन पर हुआ था हमला
सूर्यनगर इलाके में 4 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 5 बजे डेयरी संचालक जीवन पर पड़ोसियों ने हमला किया था। जानकारी के अनुसार, जीवन बाइक पर ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहा था। इसी दौरान पड़ोस के करीब 10-12 युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने जीवन को तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल जीवन को परिजन इलाज के लिए पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मौत से पहले जीवन ने बताए थे हमलावरों के नाम
जीवन की मौत से पहले का 1 मिनट 12 सेकेंड का वीडियो भी सामने आया था। वीडियो में उसके दोनों पैरों पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे।
वीडियो में जीवन ने बताया था कि पड़ोसी रमेश और उसके साथ 15-20 युवक थे। उसने मोल्हड़ नाम के एक युवक का भी जिक्र किया था। जीवन ने बताया था कि आरोपियों ने उसे पूरी तरह पीटा और उसकी टांग तोड़ दी।
जीवन के इस वीडियो के सामने आने के बाद मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर परिवार और खाप प्रतिनिधियों की ओर से लगातार कार्रवाई की मांग की जा रही है।
गोबर डालने को लेकर शुरू हुआ था विवाद
जीवन की सूर्यनगर की गली नंबर-5 में डेयरी थी। करीब डेढ़ महीने पहले उसका पड़ोसी रमेश से गोबर डालने को लेकर विवाद हुआ था। बताया गया कि जीवन रोजाना गोबर लेकर रेलवे लाइन के पास डालने जाता था। इसी बात को लेकर उसका रमेश से विवाद हुआ था।
इसके कुछ दिन बाद जीवन अपनी डेयरी में खोर (हौद) बनवा रहा था। इस दौरान भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई और रमेश पक्ष के लोगों ने जीवन की पत्नी अमन पर बरछी से हमला कर दिया था।
इस मामले में पुलिस ने रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया था।
गिरफ्तारी की मांग पर अड़ा परिवार
जीवन की हत्या के बाद अब परिवार और खाप प्रतिनिधि मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। 48 घंटे का अल्टीमेटम पूरा होने के बाद शनिवार को सड़क जाम किया गया। इसके बाद लघु सचिवालय के सामने पक्का धरना शुरू करने का फैसला लिया गया।
परिवार की मांग है कि जीवन की हत्या के आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। परिवार ने साफ कहा है कि आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। फिलहाल लघु सचिवालय के सामने धरने के कारण मामले को लेकर प्रशासन और खाप प्रतिनिधियों के बीच टकराव की स्थिति बनी हुई है।
Akhil Mahajan