हिसार में कांग्रेस के दो जिलाध्यक्ष मंच पर भिड़े, नेतृत्व के सामने विवाद
हिसार में कांग्रेस प्रदर्शन से पहले शहरी और ग्रामीण जिलाध्यक्ष मंच पर भिड़ गए। माइक को लेकर विवाद हुआ। सोशल मीडिया पोस्टरों से कुमारी सैलजा का फोटो गायब रहने से नया विवाद खड़ा हुआ।
-
हिसार में कांग्रेस के शहरी और ग्रामीण जिलाध्यक्ष मंच पर ही आपस में भिड़ गए
-
दीपेंद्र हुड्डा और राव नरेंद्र सिंह के सामने माइक को लेकर विवाद
-
प्रदर्शन से पहले जारी पोस्टरों से कुमारी सैलजा की फोटो गायब
हिसार में वोट चोरी के विरोध में होने वाले प्रदर्शन से पहले कांग्रेस के अंदरूनी विवाद खुलकर सामने आ गया। मंगलवार को कांग्रेस भवन में आयोजित बैठक में शहरी जिला अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग और ग्रामीण जिलाध्यक्ष बृजलाल बहबलपुरिया मंच पर ही आपस में भिड़ गए। यह पूरा घटनाक्रम कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और रोहतक सांसद दीपेंद्र हुड्डा की मौजूदगी में हुआ।
मंच संचालन को लेकर विवाद उस समय शुरू हुआ जब बजरंग दास गर्ग कार्यक्रम की कमान संभालना चाहते थे। ग्रामीण जिलाध्यक्ष बृजलाल ने उन्हें रोकते हुए कहा कि उन्होंने ऊपर से अनुमति ले रखी है। इसके बाद बजरंग गर्ग ने माइक अपनी ओर करने की कोशिश की, जबकि बृजलाल ने माइक खींचकर अपनी ओर कर लिया। दोनों के बीच बहसबाजी बढ़ी तो माहौल तनावपूर्ण हो गया।
स्थिति बिगड़ती देख हांसी से कांग्रेस उम्मीदवार रहे राहुल मक्कड़ आगे आए और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। इसके बाद बजरंग दास गर्ग वहां से चले गए। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुके हैं। गर्ग हुड्डा गुट के समर्थक माने जाते हैं, जबकि बृजलाल बहबलपुरिया रणदीप सुरजेवाला के करीबी माने जाते हैं।
कार्यक्रम शुरू होने से पहले दोनों जिलाध्यक्षों ने राव नरेंद्र सिंह और दीपेंद्र हुड्डा के साथ फोटो खिंचवाई थी। लेकिन इसके बाद अंदरूनी राजनीति खुलकर सामने आ गई।
विवाद सिर्फ मंच तक ही सीमित नहीं रहा। कांग्रेस द्वारा सोशल मीडिया पर जारी किए गए पोस्टरों में सिरसा सांसद कुमारी सैलजा का फोटो गायब था। इसके अलावा नारनौंद विधायक जस्सी पेटवाड़, आदमपुर विधायक चंद्रप्रकाश और उकलाना से विधायक नरेश सेलवाल के पोस्टरों से भी उनका फोटो नहीं लगाया गया।
हरियाणा कांग्रेस में लगातार चल रही गुटबाजी को रोकने के लिए प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने पहले ही एडवाइजरी जारी की थी। इसमें सभी नेताओं से कहा गया था कि पोस्टर, होर्डिंग और कार्यक्रम बैकड्रॉप तैयार करते समय सोनिया गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, बीके हरिप्रसाद, राव नरेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह हुड्डा, कुमारी सैलजा और दीपेंद्र हुड्डा की फोटो अनिवार्य रूप से लगाई जाए। बावजूद इसके पोस्टर से सैलजा का फोटो हटाया गया, जिससे नए विवाद ने जन्म ले लिया है।
Author1