बेलदार के ठाठ: हफ्ते में सिर्फ एक दिन आता, वो भी महंगी स्कॉर्पियो गाड़ी में, आंखों पर महंगा चश्मा लगाकर, शिकायत पर मंत्री ने किया सस्‍पेंड

हिसार के गांव तलवंडी बादशाहपुर में बेलदार बलवंत हफ्ते में सिर्फ एक दिन स्कॉर्पियो और चश्मा लगाकर ड्यूटी पर आता था और पूरे हफ्ते की हाजिरी लगाकर चला जाता था। ग्रामीणों की शिकायत पर मंत्री रणबीर गंगवा ने औचक निरीक्षण किया और तुरंत सस्पेंड कर दिया।

बेलदार के ठाठ: हफ्ते में सिर्फ एक दिन आता, वो भी महंगी स्कॉर्पियो गाड़ी में, आंखों पर महंगा चश्मा लगाकर, शिकायत पर मंत्री ने किया सस्‍पेंड

➤ हिसार में बेलदार  महंगी स्कॉर्पियो और चश्मे में आता था सिर्फ एक दिन
➤ पूरे हफ्ते का अटेंडेंस लगाकर चलता बनता, गांववालों ने की शिकायत
➤ मंत्री रणबीर गंगवा ने औचक निरीक्षण कर तुरंत सस्पेंड किया


सरकारी नौकरी के मज़े और फिल्मी स्टाइल के ठाठ! हिसार के गांव तलवंडी बादशाहपुर के जलघर पर तैनात एक बेलदार का जलवा कुछ ऐसा था कि गांववाले भी देखकर दंग रह जाते। बलवंत हफ्ते में सिर्फ एक दिन आता, वो भी महंगी स्कॉर्पियो गाड़ी में, आंखों पर महंगा चश्मा लगाकर। आते ही रजिस्टर में पूरे हफ्ते की हाजिरी भरता और फिर आराम से चलता बनता।

यह राज तब खुला जब जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी मंत्री रणबीर गंगवा शनिवार को जलघर का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। निरीक्षण के दौरान जब मंत्री ने हाजिरी रजिस्टर देखा तो उसमें कई दिन खाली मिले। पूछताछ में ग्रामीणों ने खुलासा किया कि बलवंत लंबे समय से यही खेल खेल रहा था।

ग्रामीणों ने बताया कि बलवंत सरकारी नौकरी के सभी फायदे तो उठा रहा था, लेकिन ड्यूटी निभाने का नाम तक नहीं लेता। बस हफ्ते में एक दिन अपनी स्कॉर्पियो गाड़ी से शाही अंदाज में आता, रजिस्टर में पूरे सात दिन की हाजिरी भरता और फिर गायब हो जाता।

मंत्री ने तुरंत ही बलवंत को सस्पेंड करने का आदेश दिया। इसके साथ ही अधिकारियों को जमकर फटकार भी लगाई। उन्होंने कहा – “एक कर्मचारी महीनों से ड्यूटी से गायब है और आपको भनक तक नहीं लगी। यह लापरवाही हैरान करने वाली है।”

गंगवा ने साफ चेतावनी दी कि ऐसे कर्मचारियों को बचाने वालों पर भी कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में किसी भी अधिकारी की मिलीभगत पाई गई तो सबसे पहले गाज उन्हीं पर गिरेगी।