हरियाणा के 10 जिलों में यलो अलर्ट, 60 KMPH की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

हरियाणा के 10 जिलों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 60 KMPH की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जबकि मानसून की एंट्री भी लेट होने के संकेत हैं।

हरियाणा के 10 जिलों में यलो अलर्ट, 60 KMPH की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

हरियाणा के 10 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी

60 KMPH की रफ्तार से चल सकती हैं तेज हवाएं

इस बार मानसून की एंट्री एक सप्ताह तक हो सकती है लेट

हरियाणा में पिछले तीन दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। राजस्थान की ओर से आ रही दक्षिण-पश्चिमी हवाओं के प्रभाव से कई जिलों में आंधी और बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग ने रविवार को भी राज्य के 10 जिलों में आंधी, बिजली चमकने और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार कैथल, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर, पंचकूला, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, पलवल और नूंह में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इन जिलों में लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।

शनिवार को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम ने करवट ली। पंचकूला, फतेहाबाद, करनाल, पानीपत, हिसार, हांसी, जींद, सोनीपत, सिरसा और फरीदाबाद में तेज आंधी के साथ बारिश दर्ज की गई। वहीं नारनौल और आसपास के क्षेत्रों में धूल भरी हवाओं ने लोगों को परेशान किया।

बारिश के बाद कई इलाकों में मौसम सुहावना हो गया। नारनौल में सड़कों पर पानी भर गया, जबकि सिरसा में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। करनाल में तेज आंधी और बारिश के कारण एक टीन शेड वाहनों पर गिर गया, जिससे नुकसान भी हुआ।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार 4 जून के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा। इसके प्रभाव से प्रदेश में एक बार फिर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि जून के पहले सप्ताह में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।

इस बीच मानसून को लेकर भी बड़ा अपडेट सामने आया है। सामान्य तौर पर हरियाणा में मानसून जुलाई के पहले सप्ताह में दस्तक देता है, लेकिन इस बार इसकी एंट्री में देरी के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार मानसून लगभग एक सप्ताह की देरी से प्रदेश में पहुंच सकता है।

बारिश का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दिया। शनिवार को राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। इसके साथ ही दिन का तापमान सामान्य से 8.9 डिग्री सेल्सियस नीचे पहुंच गया। अंबाला में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस और रोहतक में 33.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हालांकि फरीदाबाद 37.8 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ राज्य का सबसे गर्म जिला रहा। दूसरी ओर बारिश और ठंडी हवाओं के कारण न्यूनतम तापमान में भी 1.1 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

राज्य के मैदानी क्षेत्रों में सबसे कम न्यूनतम तापमान महेंद्रगढ़ में 20.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सिरसा में 27.0 डिग्री सेल्सियस और अंबाला में 26.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान दर्ज हुआ। मौसम में आई इस नरमी से लोगों को गर्मी और उमस से काफी राहत मिली है।