हरियाणा में स्मार्ट बिजली मीटर की तैयारी: उपभोक्ताओं को मिलेगा प्रीपेड–पोस्टपेड विकल्प, गुरुग्राम–फरीदाबाद में अंडरग्राउंड केबलिंग शुरू

हरियाणा में स्मार्ट बिजली मीटर लगाने की तैयारी शुरू। उपभोक्ताओं को प्रीपेड और पोस्टपेड विकल्प मिलेगा। गुरुग्राम-फरीदाबाद में अंडरग्राउंड केबलिंग शुरू।

हरियाणा में स्मार्ट बिजली मीटर की तैयारी: उपभोक्ताओं को मिलेगा प्रीपेड–पोस्टपेड विकल्प, गुरुग्राम–फरीदाबाद में अंडरग्राउंड केबलिंग शुरू

प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से बदले जाएंगे पुराने बिजली मीटर, स्मार्ट मीटर होंगे स्थापित
उपभोक्ताओं को मोबाइल की तरह प्रीपेड या पोस्टपेड सिस्टम चुनने की सुविधा
गुरुग्राम–फरीदाबाद में भूमिगत बिजली केबलिंग शुरू, रोडवेज और बिजली व्यवस्था में बड़े सुधार



हरियाणा में बिजली उपभोक्ताओं के लिए जल्द ही स्मार्ट बिजली मीटर प्रणाली लागू की जाएगी। प्रदेश के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने स्पष्ट किया है कि राज्यभर में चरणबद्ध तरीके से सभी पुराने मीटर हटाकर आधुनिक स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। इन मीटरों की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि उपभोक्ताओं को प्रीपेड और पोस्टपेड दोनों विकल्प मिलेंगे, ठीक उसी तरह जैसे मोबाइल सेवाओं में सुविधा मिलती है। इससे उपभोक्ता अपनी जरूरत और सुविधा के अनुसार बिजली भुगतान की व्यवस्था चुन सकेंगे।

हिसार में मीडिया से बातचीत करते हुए अनिल विज ने कहा कि स्मार्ट मीटर व्यवस्था से बिजली बिलिंग में पारदर्शिता आएगी, बिजली चोरी पर नियंत्रण होगा और उपभोक्ताओं को रियल-टाइम खपत की जानकारी मिल सकेगी। इससे न केवल विभाग की कार्यप्रणाली मजबूत होगी, बल्कि उपभोक्ताओं का भरोसा भी बढ़ेगा।

उन्होंने बताया कि गुरुग्राम और फरीदाबाद में अंडरग्राउंड बिजली केबलिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। हालात और जरूरत के अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी भूमिगत केबल डाली जाएंगी। इससे बिजली के खंभे गिरने, ऊपर से तार टूटने और मानसून में बार-बार बिजली गुल होने जैसी समस्याओं से राहत मिलेगी और आपूर्ति व्यवस्था अधिक सुरक्षित बनेगी।

ऊर्जा विभाग की जवाबदेही पर जोर देते हुए विज ने कहा कि अब यदि कहीं बिजली कट लगता है तो संबंधित अधीक्षण अभियंता (एसई) को सुबह 11 बजे तक पूरी रिपोर्ट देनी होगी। रिपोर्ट में कट का कारण, अवधि और परिस्थितियां स्पष्ट करनी होंगी। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के चलते गर्मियों में बिजली कटौती काफी हद तक नियंत्रित रही है और पूरे प्रदेश में केवल 6 एसई से ही स्पष्टीकरण मांगा गया है

बिजली मांग को देखते हुए ट्रांसफार्मर अपग्रेडेशन का कार्य भी शुरू कर दिया गया है। साथ ही बरसात के मौसम में जलभराव से बचाव के लिए निचले स्तर पर बने सब-स्टेशनों को ऊंचा करने के निर्देश दिए गए हैं। विज ने यह भी जानकारी दी कि हिसार के खेदड़ में प्रस्तावित नई थर्मल यूनिट के लिए कोल लिंकेज की स्वीकृति मिल चुकी है, जो हरियाणा की ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

रोडवेज व्यवस्था पर बात करते हुए मंत्री ने बताया कि हरियाणा रोडवेज के आधुनिकीकरण पर लगातार काम चल रहा है। यात्रियों की सुविधा के लिए बसों में ट्रैकिंग सिस्टम विकसित किया जा रहा है। सभी बस अड्डों पर डिजिटल डिस्प्ले पैनल लगाए जाएंगे और एक मोबाइल ऐप भी तैयार की जा रही है, जिससे यात्री बस की लोकेशन, रूट और समय की जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाने पर भी सरकार गंभीरता से विचार कर रही है, ताकि प्रदूषण कम हो और एनसीआर में डीजल बसों पर लगने वाली पाबंदियों से बचा जा सके।