हरियाणा सचिवालय में स्टेनोग्राफर प्रमोशन परीक्षा का शेड्यूल जारी, 25 जुलाई को होगा एग्जाम

हरियाणा सचिवालय में स्टेनोग्राफर पदोन्नति के लिए विभागीय परीक्षा 25 जुलाई को होगी। इच्छुक कर्मचारी 14 जुलाई तक आवेदन करें। परीक्षा में हिंदी और अंग्रेजी डिक्टेशन व टाइपिंग टेस्ट होगा।

हरियाणा सचिवालय में स्टेनोग्राफर प्रमोशन परीक्षा का शेड्यूल जारी, 25 जुलाई को होगा एग्जाम
  • हरियाणा सचिवालय में स्टेनोग्राफर विभागीय परीक्षा 25 जुलाई को होगी
  • इच्छुक कर्मचारी 14 जुलाई तक आवेदन करें, विभाग 16 जुलाई तक भेजेंगे नाम
  • परीक्षा में अंग्रेजी और हिंदी डिक्टेशन व टाइपिंग टेस्ट होगा, त्रुटि सीमा भी तय

हरियाणा सरकार ने सिविल सचिवालय में कार्यरत स्टेनोग्राफरों के पदोन्नति के लिए विभागीय परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। मुख्य सचिव कार्यालय की केंद्रीय परीक्षा समिति की ओर से जारी नोटिस के अनुसार यह परीक्षा 25 जुलाई 2026 (शनिवार) को आयोजित की जाएगी।

परीक्षा दो सत्रों में होगी। पहला सत्र सुबह 11 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दूसरा सत्र दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किया जाएगा। यह परीक्षा आशुलिपिक से कनिष्ठ वेतनमान आशुलिपिक तथा कनिष्ठ वेतनमान आशुलिपिक से वरिष्ठ वेतनमान आशुलिपिक पद पर पदोन्नति के लिए होगी।

सीनियर स्केल परीक्षा का पैटर्न

वरिष्ठ वेतनमान आशुलिपिक के लिए कुल 4 डिक्टेशन पैसेज होंगे। इनमें 2 अंग्रेजी के 250-250 शब्द और 2 हिंदी के 200-200 शब्द शामिल होंगे।

अंग्रेजी डिक्टेशन 100 शब्द प्रति मिनट और हिंदी डिक्टेशन 80 शब्द प्रति मिनट की गति से कराया जाएगा। इसके बाद अंग्रेजी के दोनों पैसेज 20 शब्द प्रति मिनट तथा हिंदी के दोनों पैसेज 15 शब्द प्रति मिनट की गति से टाइप करने होंगे। परीक्षा में 4 प्रतिशत से अधिक त्रुटि होने पर अभ्यर्थी को अनुत्तीर्ण माना जाएगा।

जूनियर स्केल परीक्षा का पैटर्न

कनिष्ठ वेतनमान आशुलिपिक पद के लिए परीक्षा में कुल 3 डिक्टेशन पैसेज होंगे। इनमें 1 अंग्रेजी का 250 शब्द का और 2 हिंदी के 200-200 शब्द के पैसेज शामिल रहेंगे।

अंग्रेजी टाइपिंग 20 शब्द प्रति मिनट तथा हिंदी टाइपिंग 15 शब्द प्रति मिनट की गति से करनी होगी। इस परीक्षा में 8 प्रतिशत से अधिक त्रुटि होने पर अभ्यर्थी असफल घोषित किया जाएगा।

14 जुलाई तक करें आवेदन

विभागीय परीक्षा में शामिल होने के इच्छुक कर्मचारियों को 14 जुलाई 2026 तक अपना आवेदन सचिवालय स्थापना शाखा-2 में जमा करना होगा। वहीं सभी विभागों को पात्र कर्मचारियों के नाम 16 जुलाई 2026 तक केंद्रीय परीक्षा समिति को भेजने के निर्देश जारी किए गए हैं।