हरियाणा के 4 जिलों में बारिश-आंधी का अलर्ट, 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
हरियाणा के 4 जिलों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया गया है। अगले 7 दिनों में तापमान 6 से 8 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान है।
हरियाणा के 4 जिलों में बारिश और तेज आंधी का अलर्ट
40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
अगले 7 दिनों में तापमान 6 से 8 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान
हरियाणा में नौतपा के दौरान भी मौसम सुहावना बना हुआ है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में शनिवार के मुकाबले 0.1 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके बावजूद तापमान सामान्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 37 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार 3 जून तक तथा 5 और 6 जून को हरियाणा के कई क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं 4 जून को कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं। बादलों और बारिश के कारण लोगों को फिलहाल भीषण गर्मी से राहत मिलती रहेगी।
हालांकि मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले सात दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। ऐसे में जून के पहले सप्ताह के अंत तक गर्मी एक बार फिर अपने तेवर दिखा सकती है।
1 जून को मौसम विभाग ने सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी जिलों में गरज-चमक, बिजली गिरने और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की भी संभावना जताई गई है।
इसके अलावा प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के अनुसार 1 जून से 4 जून के बीच कई जिलों में आंधी, बिजली चमकने और तेज हवा चलने की संभावना बनी रहेगी।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से काफी कम बना हुआ है। बादलों और बीच-बीच में हो रही बूंदाबांदी के कारण लोगों को गर्मी से राहत मिली हुई है।
मौसम विशेषज्ञों ने किसानों और आम लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है। बिजली चमकने के समय सुरक्षित स्थानों पर रहने और सावधानी बरतने की अपील भी की गई है।
pooja