हरियाणा के 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 23 जून तक मौसम रहेगा परिवर्तनशील

हरियाणा के 15 जिलों में आंधी, बारिश और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया गया है। अगले तीन दिन मौसम परिवर्तनशील रहेगा और कई क्षेत्रों में बारिश के आसार हैं।

हरियाणा के 15 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 23 जून तक मौसम रहेगा परिवर्तनशील

हरियाणा के 15 जिलों में आंधी-बारिश का यलो अलर्ट जारी

अगले तीन दिन 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

20 जून तक अच्छी बारिश और 23 जून तक मौसम परिवर्तनशील रहने की संभावना

हरियाणा में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। मौसम विभाग ने प्रदेश के 15 जिलों में आंधी और बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। दक्षिण-पूर्व और उत्तरी हरियाणा के कई इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है। अगले तीन दिनों तक प्रदेश में बूंदाबांदी, तेज हवाएं और गरज-चमक का दौर जारी रह सकता है।

लगातार सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से प्रदेशवासियों को भीषण गर्मी और लू से राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके चलते दिन के तापमान में गिरावट और मौसम में ठंडक महसूस होने की संभावना है।

मौसम विभाग ने वीरवार के लिए पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल, करनाल, झज्जर, गुरुग्राम, नूंह, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सोनीपत, पानीपत और जींद जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में धूलभरी आंधी, गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के कृषि मौसम विज्ञान विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि प्रदेश में 23 जून तक मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान आंशिक बादल छाए रहने और हवाओं की दिशा में बदलाव देखने को मिल सकता है।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ पहाड़ों की ओर बढ़ रहा है और राजस्थान व पंजाब के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से 18 जून की रात से 20 जून तक हरियाणा के अधिकांश क्षेत्रों में तेज हवाएं चल सकती हैं तथा कई स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 22 और 23 जून को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान दिन के तापमान में अधिक बदलाव नहीं होगा, लेकिन रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

19 जून को सिरसा, फतेहाबाद, हिसार और भिवानी समेत पश्चिमी और मध्य हरियाणा के कई जिलों में यलो अलर्ट रहेगा। वहीं 20 जून को पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर जैसे उत्तरी जिलों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है। 21 जून को भी उत्तरी हरियाणा के कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक की स्थिति बनी रह सकती है।

उधर बारिश नहीं होने के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंगलवार की तुलना में औसत अधिकतम तापमान में 3.5 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हुई है। राज्य में सबसे अधिक तापमान भिवानी में 39.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा अंबाला और रोहतक में 39.3 डिग्री तथा चंडीगढ़ में 38.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

हालांकि हिसार में सामान्य से 3.1 डिग्री और नारनौल में सामान्य से 7.4 डिग्री सेल्सियस कम तापमान दर्ज किया गया। वहीं प्रदेश के औसत न्यूनतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जो सामान्य से 2.1 डिग्री कम है। सबसे कम न्यूनतम तापमान नारनौल में 20 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हिसार में रात का तापमान 21.7 डिग्री और गुरुग्राम में 21 डिग्री सेल्सियस रहा।