हरियाणा में बारिश और ओलावृष्टि, कई जिलों में फसलें प्रभावित रेवाड़ी में गिरे ओले
हरियाणा के कई जिलों में आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश हुई। रेवाड़ी में ओलावृष्टि से गेहूं की फसल को नुकसान हुआ, जबकि गुरुग्राम, हिसार, रोहतक समेत कई जिलों में बारिश जारी है। मौसम विभाग ने कई जिलों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है
हरियाणा के कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि: रेवाड़ी में गिरे ओले, आंधी-बारिश से जीटी रोड बेल्ट की फसलें प्रभावित
■ रेवाड़ी में गरज के साथ ओलावृष्टि, गेहूं की फसल को नुकसान
■ गुरुग्राम, हिसार, रोहतक, सोनीपत सहित कई जिलों में बारिश और तेज हवाएं
■ मौसम विभाग का येलो-ऑरेंज अलर्ट, अगले दिनों में तापमान गिरने की संभावना
हरियाणा में रविवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। तड़के करीब 4 बजे से प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी और गरज-चमक के साथ बारिश शुरू हो गई। रेवाड़ी में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई, जिससे खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को नुकसान होने की खबरें सामने आई हैं।
प्रदेश के गुरुग्राम, फरीदाबाद, रेवाड़ी, हिसार, सोनीपत और रोहतक समेत कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर खेतों में खड़ी फसल झुक गई, जबकि कुछ इलाकों में कटाई के लिए खेतों में पड़ी सरसों भी बूंदाबांदी से प्रभावित हुई है।
दिल्ली-चंडीगढ़ जीटी रोड बेल्ट में तेज आंधी और बारिश का असर फसलों पर साफ दिखाई दिया। सोनीपत में कई खेतों में गेहूं की फसल जमीन पर गिर गई, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। इस समय कई जगहों पर फसल कटाई की तैयारी चल रही थी, लेकिन अचानक बदले मौसम ने किसानों के सामने नई परेशानी खड़ी कर दी।
रेवाड़ी में पहले हल्की बारिश हुई और उसके बाद सूखे ओले गिरने लगे। किसानों का कहना है कि अगर मौसम इसी तरह बना रहा तो आने वाले दिनों में फसल को और नुकसान हो सकता है।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय, हिसार के मौसम विभाग के अध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार अगले कुछ घंटों में चरखी दादरी, भिवानी, झज्जर, रोहतक, हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, जींद, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, रेवाड़ी और गुरुग्राम समेत लगभग पूरे प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के कारण प्रदेश में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं। देर रात भी हिसार, फतेहाबाद और सिरसा सहित कई जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
जींद, कैथल, पानीपत, कुरुक्षेत्र, करनाल और अंबाला में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, पलवल, गुरुग्राम, रेवाड़ी, फरीदाबाद, नूंह, सोनीपत, रोहतक, झज्जर, यमुनानगर और पंचकूला में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश में शनिवार को अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया। नूंह में सबसे अधिक 34 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि हिसार में 33.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ।
मौसम विभाग के अनुसार अगले 24 घंटे में तापमान में बड़ा बदलाव नहीं होगा, लेकिन सोमवार से 3 से 5 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।
15–16 मार्च: तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश जारी रहने की संभावना
17 मार्च: कई जिलों में मौसम साफ होने की संभावना
18–20 मार्च: फिर से हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी
shubham