हरियाणा की मंडियों में आज से धान खरीद शुरू, सोनीपत नई अनाज मंडी में पहुंचे BJP अध्यक्ष बड़ोली

हरियाणा की अनाज मंडियों में आज से धान की खरीद शुरू, सोनीपत पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली, किसानों ने रखी समस्याएं, सरकार ने उचित दाम और मुआवजे का भरोसा दिया।

हरियाणा की मंडियों में आज से धान खरीद शुरू, सोनीपत नई अनाज मंडी में पहुंचे BJP अध्यक्ष बड़ोली

➤ हरियाणा में धान की खरीद आज से अनाज मंडियों में शुरू
➤ सोनीपत नई अनाज मंडी पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली
➤ किसानों ने खरीद में अव्यवस्था और सुविधाओं की कमी पर जताई नाराज़गी

सुशील मोर

हरियाणा की अनाज मंडियों में आज से धान की फसल की सरकारी खरीद प्रक्रिया शुरू हो गई। करीब एक सप्ताह पहले सरकार ने खरीद की औपचारिक शुरुआत कर दी थी, लेकिन आज से मंडियों में किसानों की भारी आमद दिखाई दी। इसी सिलसिले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बडोली सोनीपत की नई अनाज मंडी पहुंचे और वहां खरीद व्यवस्थाओं का जायजा लिया।


मंडी में किसानों ने प्रदेश अध्यक्ष के सामने अपनी समस्याएं रखीं। किसानों ने बताया कि कई दिनों तक धान मंडी में पड़ा रहता है, मगर खरीदारी की गति बेहद धीमी है। इसके अलावा, अधिक दाम पर खरीद का दावा तो किया जाता है लेकिन मंडी में सिर्फ एक एजेंसी सक्रिय है, जो किसानों की मजबूरी का फायदा उठाकर मनमाने भाव पर खरीद कर रही है।

मोहनलाल बडोली ने किसानों को आश्वस्त किया कि जहां भी सरकारी एजेंसियों के प्रतिनिधि अभी तक नहीं पहुंचे हैं, वहां जल्द ही प्रतिनिधि पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार और प्राइवेट एजेंसियां दोनों ही किसानों से मार्केट रेट से ज्यादा दाम पर खरीद कर रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि जहां बाढ़ से फसल खराब हुई है, वहां किसानों को उचित मुआवजा मिलेगा।

किसानों ने मंडी में सुविधाओं की कमी, पानी-बिजली और ढुलाई जैसी दिक्कतों की ओर भी ध्यान दिलाया। इस पर प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि इन मुद्दों पर अधिकारियों से बातचीत कर जल्द समाधान निकाला जाएगा।