हरियाणा ओलिंपिक संघ की खिलाड़ियों को कड़ी वार्निंग : हथियारों संग वीडियो बनाया तो लगेगा बैन
हरियाणा ओलिंपिक एसोसिएशन ने खिलाड़ियों और कोचों पर हथियारों वाले वीडियो पोस्ट करने पर सख्त वार्निंग जारी की। नियम तोड़ने पर बैन, निलंबन और कानूनी कार्रवाई होगी। एडवाइजरी मनीषा मौण और साहिल-anu विवाद के बाद आई।
➤ हरियाणा ओलिंपिक एसोसिएशन ने खिलाड़ियों को हथियारों वाले वीडियो पर सख्त वार्निंग दी
➤सोशल मीडिया पर हथियार दिखाने पर बैन, निलंबन और अनुशासनात्मक कार्रवाई होगी
➤हर्ष फायरिंग और हथियारों वाले वायरल वीडियो के बाद जारी हुई एडवाइजरी
पंचकूला। हरियाणा ओलिंपिक एसोसिएशन (HOA) ने खिलाड़ियों और कोचों के लिए सोशल मीडिया पर हथियारों और हिंसक वीडियो पोस्ट करने के खिलाफ सख्त एडवाइजरी जारी की है। हाल ही में कई खिलाड़ियों के रिवॉल्वर, राइफल और फायरिंग वाले वीडियो वायरल होने के बाद अर्जुन और भीम पुरस्कार विजेताओं सहित कई वरिष्ठ खिलाड़ियों ने लिखित शिकायत दी थी, जिसके बाद यह फैसला लिया गया।
HOA ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई खिलाड़ी बंदूक या हथियारों के साथ वीडियो या फोटो सोशल मीडिया पर साझा करता है, तो उसके खिलाफ प्रतिबंध, निलंबन और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। आदेश में कहा गया है कि ऐसा व्यवहार खेल की छवि, अनुशासन और सार्वजनिक सुरक्षा के खिलाफ है।
यह कार्रवाई रोहतक के एडवोकेट राजनारायण पंघाल की शिकायत और वरिष्ठ खिलाड़ियों के विरोध के बाद की गई है। HOA अध्यक्ष कैप्टन जसविंद्र सिंह ‘मीनू बेनीवाल’ ने सभी जिलों को निर्देश दिया कि हिंसा वाले कंटेंट पर जीरो टॉलरेंस अपनाया जाए और यह संदेश हर खिलाड़ी तक पहुंचे।
आदेश में कहा गया कि सभी जिला ओलिंपिक संघ हर साल जागरूकता सत्र आयोजित करेंगे, जिसमें खिलाड़ियों को सोशल मीडिया उपयोग, कानूनी नियम और खेल अनुशासन के बारे में जानकारी दी जाएगी।
मनीषा मौण के वीडियो के बाद शुरू हुआ विवाद
कैथल निवासी अंतरराष्ट्रीय बॉक्सर और अर्जुन अवॉर्डी मनीषा मौण का हालिया वीडियो वायरल हुआ था जिसमें वे शादी समारोह में रिवॉल्वर में कारतूस लोड करती हुई नजर आईं। विवाद बढ़ने पर उन्होंने सफाई देते हुए कहा कि वीडियो सिर्फ शौकिया तौर पर बनाया गया था और बाद में उन्होंने इसे डिलीट करने की बात कही। पहले उन्होंने रिवॉल्वर को असली बताया, बाद में कहा कि यह दीवाली का खिलौना पिस्टल थी।
साहिल भारद्वाज और अनु रानी की शादी में हर्ष फायरिंग
18 नवंबर को मेरठ में इंटरनेशनल जैवलिन थ्रोअर अनु रानी और रोहतक के किक बॉक्सर साहिल भारद्वाज की शादी में स्टेज से हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ था। इस पर सरधना थाने में केस दर्ज हुआ। जांच में पता चला कि फायरिंग में इस्तेमाल राइफल लाइसेंसी थी, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है और लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया चल रही है।
Author1