हरियाणा में दवाओं की कीमतों पर सख्त पहरा - फार्मा सही दाम ऐप से होगी मुनाफाखोरी पर रोक
हरियाणा में दवाओं की कीमतों की निगरानी शुरू हो गई है। फार्मा सही दाम ऐप और टोल फ्री नंबर से ज्यादा कीमत वसूलने पर सीधे शिकायत की जा सकेगी।
➤ हरियाणा में दवाओं की कीमतों पर सख्त निगरानी शुरू
➤ फार्मा सही दाम ऐप और टोल फ्री नंबर से सीधे शिकायत
➤ एक साल में दवाओं के ज्यादा दाम वसूलने के 33 मामले पकड़े
चंडीगढ़। हरियाणा में अब दवा विक्रेता तय कीमत से ज्यादा रुपए नहीं वसूल पाएंगे। राज्य सरकार ने दवाओं की कीमतों की निगरानी के लिए “फार्मा सही दाम” मोबाइल ऐप लॉन्च कर दिया है। इसके साथ ही आम जनता की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 1800-180-2413 भी जारी किया गया है, जिस पर अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायत सीधे दर्ज कराई जा सकती है।
हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि आवश्यक और जीवन रक्षक दवाएं हर नागरिक को नियंत्रित और उचित दामों पर उपलब्ध हों। इसी उद्देश्य से दवा बाजार पर लगातार निगरानी रखी जा रही है, ताकि मुनाफाखोरी पर सख्त रोक लगाई जा सके।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय औषधि मूल्य निर्धारण प्राधिकरण (NPPA) के दिशा-निर्देशों के तहत हरियाणा में प्राइस मॉनिटरिंग एंड रिसोर्स यूनिट (PMRU) सक्रिय रूप से कार्य कर रही है। यह इकाई खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के अंतर्गत काम कर रही है और यह सुनिश्चित कर रही है कि दवाएं सरकार द्वारा तय दरों पर ही बेची जाएं।
FDA हरियाणा के आयुक्त मनोज कुमार ने बताया कि वर्ष 2025 में दवाओं की अधिक कीमत वसूलने के 33 मामले सामने आए हैं। इन सभी मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए NPPA, नई दिल्ली भेजा गया है। उन्होंने कहा कि दिसंबर 2025 में तीन दवाओं में DPCO उल्लंघन पाया गया, जिनकी एमआरपी निर्धारित कीमत से अधिक थी। संबंधित कंपनियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
सरकार प्रवर्तन के साथ-साथ जन जागरूकता पर भी जोर दे रही है। वर्ष 2025 में प्रदेश के विभिन्न जिलों में 13 आईईसी कार्यक्रम आयोजित किए गए। कैथल, यमुनानगर और सिरसा में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से केमिस्टों और आम नागरिकों को दवाओं की गुणवत्ता, कोल्ड चेन प्रबंधन और रिकॉर्ड संधारण के बारे में जागरूक किया गया।
FDA हरियाणा ने जनता से अपील की है कि दवा खरीदते समय फार्मा सही दाम ऐप के जरिए कीमत जरूर जांचें। यदि कहीं भी अधिक दाम वसूले जाते हैं, तो तुरंत ऐप या टोल फ्री नंबर के जरिए शिकायत दर्ज कराएं।
Akhil Mahajan