मरने से पहले जानें किसके नाम की पूरी संपत्ति, पूरन कुमार के नोट में 30 IPS और IAS अफसरों के नाम, विभाग में हड़कंप
Haryana, IPS Suicide, W Puran Kumar, Chandigarh, IAS Amneet Kumar, Gunman Bribe Case, Rohtak, Police Department, Suicide Note
➤ हरियाणा के सीनियर IPS अफसर वाई पूरन कुमार ने सेक्टर 11 स्थित कोठी में गोली मारकर आत्महत्या की
➤ IAS पत्नी अमनीत पी. कुमार जापान दौरे से लौटीं, पोस्टमॉर्टम आज सेक्टर 16 अस्पताल में होगा
➤ आठ पेज के सुसाइड नोट में 30 से 35 IPS और IAS अफसरों पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए
हरियाणा पुलिस के सीनियर IPS अधिकारी वाई पूरन कुमार की आत्महत्या ने पूरे पुलिस विभाग को झकझोर दिया है। मंगलवार को उन्होंने चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित अपनी कोठी में खुद को गोली मारकर सुसाइड कर लिया। उनका शव कोठी के बेसमेंट में साउंडप्रूफ थिएटर वाले कमरे से बरामद हुआ। आज चंडीगढ़ के सेक्टर-16 अस्पताल में डॉक्टरों का बोर्ड उनका पोस्टमॉर्टम करेगा।
पूरन कुमार की पत्नी IAS अफसर अमनीत पी. कुमार उस वक्त मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ जापान के आधिकारिक दौरे पर थीं। घटना की जानकारी मिलते ही वह तुरंत चंडीगढ़ लौट आईं। पोस्टमॉर्टम के बाद आज पूरन कुमार का अंतिम संस्कार किया जाएगा।
सूत्रों के मुताबिक, सुसाइड के पीछे रोहतक में गनमैन सुशील पर दर्ज रिश्वत मामले का दबाव अहम कारण माना जा रहा है। सुशील कुमार पर आरोप था कि वह शराब ठेकेदार से ढाई लाख रुपये मंथली रिश्वत मांग रहा था, और पूछताछ के दौरान उसने IG पूरन कुमार का नाम भी लिया था। इसके बाद पूरन को रोहतक रेंज IG पद से हटाकर पुलिस ट्रेनिंग सेंटर, सुनारिया भेजा गया था — जिसे विभागीय रूप से पनिशमेंट पोस्ट माना जाता है।
चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि सुसाइड के स्पष्ट कारणों की जांच जारी है, लेकिन पुलिस को मौके से 8 पेज का सुसाइड नोट और एक वसीयत मिली है। सूत्रों ने बताया कि इस लेटर में पूरन ने 30 से 35 IPS और कुछ IAS अफसरों पर मानसिक उत्पीड़न और जातिगत भेदभाव के आरोप लगाए हैं। इसके अलावा उन्होंने लिखा कि एक DGP रैंक अधिकारी ने उन्हें नोटिस भेजकर परेशान किया, और सरकारी आवास न मिलने, एसीआर में गड़बड़ी और पोस्टिंग में भेदभाव से वे मानसिक तनाव में थे।
रसोइए प्रेम सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह पूरन कुमार ने कहा था कि वह जरूरी काम के लिए नीचे बेसमेंट में जा रहे हैं और किसी को नीचे न आने देने के निर्देश दिए। उनकी बेटी अमूल्या बाजार गई हुई थी। जब वह करीब पौने 1 बजे लौटी, तो उसने पिता को सोफे पर बैठे हुए देखा, और उनकी कनपटी से खून बह रहा था। उसने तुरंत अपने मामा अमित रतन, जो आम आदमी पार्टी के विधायक हैं, को सूचना दी।
चंडीगढ़ पुलिस को दोपहर डेढ़ बजे कॉल मिली। मौके पर पहुंची टीम ने फोरेंसिक जांच, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाई और पिस्टल को कब्जे में लेकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सेक्टर-16 अस्पताल भेजा।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, वसीयत पर 6 अक्टूबर और फाइनल नोट पर 7 अक्टूबर की तारीख लिखी है। उन्होंने सारी संपत्ति अपनी पत्नी अमनीत पी. कुमार के नाम कर दी।
पूरन कुमार की मौत से हरियाणा पुलिस महकमे में शोक और सवाल दोनों उठे हैं। सूत्रों का कहना है कि उन्होंने सुसाइड नोट अपनी पत्नी और दो IPS अफसरों को भेजा था। इस पूरे प्रकरण ने विभागीय दबाव, भेदभाव और अफसरों की कार्यसंस्कृति पर गंभीर प्रश्न खड़े कर दिए हैं।
Akhil Mahajan