ऑपरेशन के बाद मिली नई जिंदगी, रेस्क्यू के बाद 14 दिन बेड रेस्ट पर रहेगा कोबरा
हिसार के सुल्तानपुर गांव में घायल कोबरा को रेस्क्यू कर लुवास क्लीनिक लाया गया। ढाई घंटे की सर्जरी में 10 टांके लगे, अब 14 दिन आराम करेगा।
हिसार के सुल्तानपुर गांव में तूड़ी के ढेर से मिला घायल कोबरा
लुवास क्लीनिक में ढाई घंटे चली सर्जरी, 10 टांके लगाए गए
4 फीट लंबे कोबरा को 14 दिन का बेड रेस्ट दिया गया
हरियाणा के हिसार जिले में घायल कोबरा को समय पर इलाज मिलने से नई जिंदगी मिली है। सुल्तानपुर गांव में तूड़ी के ढेर में छिपा एक घायल कोबरा सांप ग्रामीणों को दिखाई दिया, जिसके बाद स्नेकमैन गौरव को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचकर गौरव ने सांप को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू के बाद कोबरा को लुवास (लाला लाजपत राय पशु चिकित्सा एवं विज्ञान विश्वविद्यालय) क्लीनिक ले जाया गया। यहां पशु चिकित्सक डॉ. रामनिवास ने सांप की जांच की। जांच में कोबरा के शरीर पर गहरे घाव पाए गए, जिसके बाद तुरंत सर्जरी का निर्णय लिया गया।
डॉ. रामनिवास के अनुसार करीब ढाई घंटे तक चली सर्जरी में कोबरा के घावों पर 10 टांके लगाए गए। सर्जरी सफल रही और फिलहाल सांप की हालत स्थिर बताई जा रही है। इलाज के बाद करीब 4 फीट लंबे कोबरा को 14 दिन का पूर्ण आराम करने की सलाह दी गई है।
चिकित्सकों का कहना है कि इस दौरान सांप की नियमित निगरानी की जाएगी, ताकि घाव सही तरीके से भर सकें। समय पर रेस्क्यू और इलाज के चलते अब कोबरा को दोबारा प्राकृतिक वातावरण में लौटाने की उम्मीद जताई जा रही है।
Akhil Mahajan