हरियाणा में बारिश का कहर,फरीदाबाद में पुल धंसा, 6 शहरों में ऑरेंज अलर्ट
हरियाणा में लगातार तीसरे दिन भारी बारिश से फरीदाबाद में खेड़ी पुल धंस गया और बल्लभगढ़ बस अड्डे में जलभराव हो गया। मौसम विभाग ने 6 शहरों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
फरीदाबाद में भारी बारिश से खेड़ी पुल धंसा, ट्रैफिक को वन-वे करना पड़ा
बल्लभगढ़ बस अड्डे और कई सड़कों पर जलभराव, यात्रियों को हुई भारी परेशानी
हरियाणा के 10 जिलों में आज तेज बारिश के आसार, 6 शहरों में पहली बार ऑरेंज अलर्ट
हरियाणा में लगातार तीसरे दिन भी मानसून का असर देखने को मिला। गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश हुई, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया। सबसे अधिक परेशानी फरीदाबाद में देखने को मिली, जहां भारी बारिश के कारण खेड़ी पुल का एक हिस्सा धंस गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने पुल पर वन-वे ट्रैफिक शुरू कर दिया।
बारिश के कारण बल्लभगढ़ बस अड्डे में भी घुटनों तक पानी भर गया। बस अड्डे की छत से पानी टपकने लगा, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों को पानी से होकर पैदल गुजरना पड़ा।
कई जिलों में लगातार बारिश, तापमान में आई गिरावट।
गुरुवार सुबह पानीपत, सोनीपत, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, फरीदाबाद, कैथल और पंचकूला में बारिश हुई। दोपहर बाद हिसार, पंचकूला और कुरुक्षेत्र में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।
लगातार बारिश के कारण प्रदेश के अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई। मौसम सुहावना हो गया, जबकि कई इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।
6 शहरों में पहली बार ऑरेंज अलर्ट।
मौसम विभाग ने प्रदेश के 13 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए सीजन का पहला ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं हिसार, सिरसा, फतेहाबाद, भिवानी, जींद, कैथल और कुरुक्षेत्र के कुछ हिस्सों में बारिश की गतिविधियां कम रहने की संभावना जताई गई है।
गुरुग्राम में सबसे अधिक बारिश दर्ज।
बीते 24 घंटे के दौरान गुरुग्राम में सबसे अधिक 83 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके बाद करनाल में 79.5 मिमी, पलवल में 42 मिमी, हथिनीकुंड बैराज में 36 मिमी, नूंह में 25.5 मिमी, अंबाला में 19.9 मिमी, कैथल में 15.5 मिमी, रोहतक में 6.8 मिमी और महेंद्रगढ़ में 4 मिमी बारिश दर्ज की गई।
नूंह में श्रद्धालुओं को कीचड़ से गुजरना पड़ा।
नूंह के आलदोका गांव में श्री अखंड रामायण पाठ के लिए निकाली गई कलश यात्रा के दौरान भारी बारिश ने मुश्किलें बढ़ा दीं। शिव मंदिर से निकली यात्रा में शामिल महिलाओं, बुजुर्गों और अन्य श्रद्धालुओं को कीचड़ और गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा।
आज और कल भी बारिश के आसार।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 10 जुलाई तक हरियाणा, पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। उत्तर हरियाणा के अंबाला, पंचकूला और यमुनानगर में तेज बारिश की संभावना है, जबकि दक्षिण हरियाणा में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
11 जुलाई से बारिश की गतिविधियों में धीरे-धीरे कमी आने की संभावना है। इसके बाद सिरसा, फतेहाबाद और हिसार जैसे पश्चिमी जिलों में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क रह सकता है।
pooja