Heat Wave: हरियाणा में 42°C पार, गर्मी ने दिखाए तीखे तेवर

हरियाणा में तापमान 42°C पार, IMD ने 24 अप्रैल तक हीटवेव का यलो अलर्ट जारी किया। अगले 5 दिन और बढ़ेगी गर्मी, 26 अप्रैल से मौसम बदलने की संभावना।

Heat Wave: हरियाणा में 42°C पार, गर्मी ने दिखाए तीखे तेवर

हरियाणा में 42°C पार, गर्मी ने दिखाए तीखे तेवर
IMD का 20 से 24 अप्रैल तक हीटवेव यलो अलर्ट जारी
अगले 5 दिन और बढ़ेगा तापमान, 26 अप्रैल से राहत की उम्मीद


हरियाणा में गर्मी ने अब अपने असली तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश में 20 से 24 अप्रैल तक हीट वेव (लू) को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। सोमवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जिससे अप्रैल महीने में ही भीषण गर्मी का अहसास होने लगा है।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आने वाले 5 दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है। आईएमडी के मुताबिक, दक्षिण और पश्चिम हरियाणा के जिलों में लू का असर सबसे ज्यादा देखने को मिलेगा। 20 और 21 अप्रैल को नारनौल और रोहतक जैसे इलाकों में वार्म नाइट यानी गर्म रातों की स्थिति बनी रहने की संभावना है।

वहीं, कृषि मौसम विज्ञान विभाग (HAU), हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 25 अप्रैल तक मौसम आमतौर पर शुष्क और गर्म बना रहेगा। हालांकि, राहत की खबर यह है कि 26 अप्रैल से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौसम में बदलाव आने की उम्मीद जताई जा रही है।

तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो सोमवार को नारनौल राज्य का सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 42.0°C दर्ज किया गया। इसके अलावा रोहतक में 41.6°C और सिरसा में 40.6°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1°C अधिक बना हुआ है।

मौसम विभाग का अनुमान है कि शुष्क हवाओं के चलते दिन के तापमान में अभी और 3 से 4 डिग्री की वृद्धि हो सकती है। खासकर दोपहर 12 से 4 बजे के बीच लू के थपेड़े लोगों को सबसे ज्यादा प्रभावित करेंगे। रोहतक और करनाल जैसे शहरों में हीटवेव की स्थिति पहले ही दर्ज की जा चुकी है।

दिन के साथ-साथ अब रातों में भी गर्मी बढ़ने लगी है। सोमवार को प्रदेश का औसत न्यूनतम तापमान सामान्य से 2.2°C अधिक दर्ज किया गया। सिरसा में न्यूनतम तापमान 19.4°C रहा, जबकि रोहतक में यह बढ़कर 26.0°C तक पहुंच गया, जो सामान्य से करीब 6 डिग्री ज्यादा है। नारनौल में भी रात का तापमान 25.7°C दर्ज किया गया। कृषि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले दिनों में दिन का तापमान तेजी से बढ़ेगा, लेकिन रात के तापमान में बहुत ज्यादा बदलाव की संभावना कम है।