हरियाणा में आज से लू का कहर, 14 जिलों के लिए हीटवेव अलर्ट
हरियाणा में आज से हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। अगले चार दिनों में तापमान 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। सिरसा 44 डिग्री के साथ सबसे गर्म शहर रहा।
हरियाणा में आज से हीटवेव का अलर्ट, 7 जिलों में लू का असर
अगले 4 दिनों में तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ने की संभावना
सिरसा 44 डिग्री के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना
हरियाणा में आने वाले दिनों में गर्मी लोगों की परेशानी और बढ़ाने वाली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग चंडीगढ़ केंद्र की ओर से जारी ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश में मौसम फिलहाल पूरी तरह शुष्क बना रहेगा। अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना जताई गई है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है।
मौसम विभाग ने 18 मई से प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव यानी लू चलने की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार महेंद्रगढ़, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी और चरखी दादरी समेत कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर भीषण गर्मी का असर देखने को मिल सकता है। दोपहर के समय गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं।
रविवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान सिरसा में 44 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा फरीदाबाद में 43.7 डिग्री, रोहतक में 42.8 डिग्री, नारनौल में 42.5 डिग्री और हिसार में 42.4 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने 19 मई को 14 जिलों में हीटवेव चलने की संभावना जताई है। इनमें महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, झज्जर, गुरुग्राम, मेवात, पलवल, फरीदाबाद, रोहतक, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी और चरखी दादरी शामिल हैं। इन जिलों में लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
विभाग के अनुसार फिलहाल प्रदेश में बारिश की कोई संभावना नहीं है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण दिन के समय तापमान और अधिक महसूस हो सकता है। चिकित्सकों ने लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और धूप में निकलने से बचने की सलाह दी है। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि बढ़ती गर्मी के कारण बिजली और पानी की मांग भी तेजी से बढ़ सकती है। ऐसे में लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने और दोपहर के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।
pooja