हरियाणा के स्‍कूलों में बोया जा रहा लव जेहाद का बीज, शिक्षा विभाग के कड़े निर्देश, लेटर जारी

हरियाणा के फरीदाबाद जिले में शिक्षा विभाग ने लव जिहाद पर सख्त रुख अपनाते हुए सभी स्कूलों को निगरानी बढ़ाने, अटेंडेंस जल्दी दर्ज करने और अभिभावक ग्रुप बनाने के आदेश दिए।

हरियाणा के स्‍कूलों में बोया जा रहा लव जेहाद का बीज, शिक्षा विभाग के कड़े निर्देश, लेटर जारी

➤ फरीदाबाद शिक्षा विभाग ने लव जिहाद को लेकर सभी स्कूलों को अलर्ट किया
➤ छात्र-छात्राओं की अटेंडेंस आधे घंटे में अनिवार्य की गई
➤ स्कूलों को अभिभावकों के वॉट्सऐप ग्रुप बनाने के निर्देश मिले


हरियाणा सरकार ने लव जिहाद जैसे मामलों को लेकर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। प्रदेश के फरीदाबाद जिले में शिक्षा विभाग ने सभी सरकारी और प्राइवेट स्कूलों को एक अहम आदेश जारी किया है। इसमें कहा गया है कि स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं पर सख्त नजर रखी जाए और उनकी उपस्थिति स्कूल शुरू होने के आधे घंटे के भीतर दर्ज की जाए।

जिला शिक्षा अधिकारी फरीदाबाद द्वारा जारी इस आदेश में साफ लिखा गया है कि स्कूल समय के दौरान कई छात्र-छात्राएं पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर जाकर असामाजिक गतिविधियों और लव जिहाद में शामिल हो रहे हैं, जिससे शैक्षणिक वातावरण दूषित हो रहा है। अधिकारी ने कहा कि ऐसी शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिसके चलते यह कार्रवाई आवश्यक हो गई।

आदेश में स्कूल प्रशासन को यह भी निर्देश दिया गया है कि हर कक्षा के छात्रों के अभिभावकों के वॉट्सऐप ग्रुप बनाए जाएं। उनमें रोजाना बच्चों की उपस्थिति की जानकारी साझा की जाए, ताकि किसी बच्चे की गैरमौजूदगी पर माता-पिता तुरंत सतर्क हो सकें।

शिक्षा अधिकारी ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में किसी स्कूल के खिलाफ इस तरह की शिकायत प्राप्त होती है तो विभागीय कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश सभी सरकारी और निजी स्कूलों पर लागू होगा।

वहीं, महिला सुरक्षा को लेकर हरियाणा महिला आयोग ने भी राज्य सरकार को एक महत्वपूर्ण सिफारिश भेजी है। आयोग की चेयरपर्सन रेनू भाटिया ने खेल विभाग से कहा है कि सभी जिम में लेडी ट्रेनर अनिवार्य की जाएं। इससे महिलाएं सुरक्षित महसूस करेंगी और उनके स्वास्थ्य व सम्मान की रक्षा होगी।

रेनू भाटिया ने फरीदाबाद की कई जिमों का निरीक्षण भी किया और वहां महिलाओं से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जिम और पब्लिक स्पेस दोनों जगह महिला सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

इससे पहले फरीदाबाद में दो महीने के अंदर आठ लव जिहाद के मामले सामने आ चुके हैं। पीड़ित परिवारों के साथ हिंदू संगठनों ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। अब प्रशासनिक और शैक्षणिक स्तर पर भी सतर्कता दिखाई जा रही है।