हरियाणा में 9वीं-11वीं में फेल विद्यार्थियों को मिलेगा एक और मौका, देना होगा फिर एग्जाम; 12वीं में मिलेगा एडमिशन

haryana education news, re exam, 9th 11th students, NEP 2020, school news, citytehlka

हरियाणा में 9वीं-11वीं में फेल विद्यार्थियों को मिलेगा एक और मौका, देना होगा फिर एग्जाम; 12वीं में मिलेगा एडमिशन

➤ 9वीं-11वीं में फेल छात्रों को मिलेगा दूसरा मौका
➤ दोबारा परीक्षा पास करने पर अगली कक्षा में मिलेगा एडमिशन
➤ NEP-2020 के तहत ड्रॉपआउट रोकने की बड़ी पहल


चंडीगढ़ से शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। हरियाणा सरकार ने 9वीं और 11वीं कक्षा में फेल हुए विद्यार्थियों को एक और मौका देने का फैसला लिया है। अब ऐसे छात्रों की दोबारा परीक्षा ली जाएगी और यदि वे इसमें सफल हो जाते हैं तो उन्हें अगली कक्षा में प्रमोट कर दिया जाएगा।

माध्यमिक शिक्षा निदेशालय ने इस संबंध में सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। आदेश के अनुसार, वार्षिक परीक्षा में अनुत्तीर्ण रहे छात्रों के लिए री-एग्जाम आयोजित किए जाएंगे, ताकि उनका एक साल खराब होने से बचाया जा सके।

शिक्षा विभाग का मानना है कि कई बार योग्य छात्र भी बीमारी या पारिवारिक कारणों से परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाते हैं। ऐसे में एक ही बार की परीक्षा के आधार पर उनका भविष्य तय करना उचित नहीं है। इसी को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 (NEP-2020) के तहत छात्रों को दोबारा अवसर देने का प्रावधान लागू किया गया है।

निर्देशों के अनुसार, पुनः परीक्षा करीब 45 दिनों के अंतराल के बाद आयोजित की जाएगी, ताकि छात्रों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। यह परीक्षा स्कूल स्तर पर ही संबंधित विषय के अध्यापक द्वारा करवाई जाएगी।

इसके साथ ही, स्कूलों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि इस अवधि के दौरान छात्रों के लिए विशेष कक्षाएं (Remedial Classes) लगाई जाएं। ताकि वे अपनी कमजोरियों को सुधार सकें और बेहतर प्रदर्शन कर सकें।

यदि कोई छात्र दूसरी बार भी परीक्षा में सफल नहीं होता है, तो उसे ड्रॉपआउट होने से बचाने के लिए लगातार मार्गदर्शन और शैक्षणिक सहयोग दिया जाएगा। सरकार के इस फैसले से हजारों छात्रों को राहत मिलने की उम्मीद है, जो एक बार की असफलता के कारण अपनी पढ़ाई छोड़ने का मन बना लेते थे।