हरियाणा में धूल भरी आंधी की आफत! शिक्षा मंत्री के काफिले पर गिरा बिजली का पोल; 4 पुलिसकर्मी घायल

हरियाणा में धूल भरी आंधी और बारिश के बीच शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के काफिले की पायलट गाड़ी पर बिजली का पोल गिर गया। हादसे में चार पुलिसकर्मी घायल हुए।

हरियाणा में धूल भरी आंधी की आफत! शिक्षा मंत्री के काफिले पर गिरा बिजली का पोल; 4 पुलिसकर्मी घायल
  • हरियाणा के 14 शहरों में धूल भरी आंधी और बारिश से जनजीवन प्रभावित
  • शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के काफिले की पायलट गाड़ी पर गिरा बिजली का पोल
  • हादसे में चार पुलिसकर्मी घायल, मंत्री बाल-बाल बचे और पूरी तरह सुरक्षित

हरियाणा में गुरुवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और कई जिलों में धूल भरी आंधी, तेज हवाओं और बारिश ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। राजस्थान सीमा से सटे इलाकों में पहले रेत का गुबार छाया और इसके बाद प्रदेश के 14 शहरों में बारिश दर्ज की गई। मौसम में आए इस बदलाव से जहां तापमान में गिरावट आई, वहीं कई स्थानों पर नुकसान की खबरें भी सामने आई हैं।

सबसे बड़ा हादसा कैथल में हुआ, जहां शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा के काफिले की पायलट गाड़ी पर तेज हवा के कारण एक बिजली का पोल गिर गया। हादसे में चार पुलिसकर्मी घायल हो गए, जबकि शिक्षा मंत्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा सीवन में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जब उनका काफिला वापस लौट रहा था, तब सीवन स्थित डीएवी कॉलोनी के पास अचानक मौसम खराब हो गया। तेज हवाओं और बूंदाबांदी के बीच सड़क किनारे लगा बिजली का एक बड़ा पोल उखड़कर सीधे पायलट गाड़ी पर आ गिरा।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पायलट वाहन का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। गाड़ी में थाना प्रभारी जय भगवान समेत कई पुलिसकर्मी सवार थे। घायल पुलिसकर्मियों को तत्काल उपचार के लिए भेजा गया।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पहले ही पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते मौसम में बदलाव की संभावना जताई थी। विभाग के अनुसार आगामी दिनों में भी प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी रह सकता है।

गुरुवार को हिसार, चरखी दादरी, कैथल, जींद, बहादुरगढ़, रोहतक, झज्जर, हांसी, अंबाला, गुरुग्राम, मेवात और सोनीपत समेत कई क्षेत्रों में बूंदाबांदी और बारिश दर्ज की गई। तेज हवाओं के कारण कई जगहों पर बिजली के खंभे और तार भी टूटकर गिर गए, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है। कुरुक्षेत्र, कैथल और करनाल में ऑरेंज अलर्ट घोषित किया गया है, जबकि पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, रोहतक, पानीपत, सोनीपत, भिवानी, चरखी दादरी, झज्जर, गुरुग्राम, महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, फरीदाबाद, मेवात और पलवल में येलो अलर्ट लागू किया गया है।

मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले कुछ दिनों तक प्रदेश में मौसम का यही बदला हुआ मिजाज देखने को मिल सकता है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी गई है।