हरियाणा DGP पद से शत्रुजीत कपूर रिलीव
हरियाणा सरकार ने IPS शत्रुजीत कपूर को DGP पद से रिलीव कर दिया है। अब वे केवल पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन रहेंगे। ओपी सिंह अगले आदेश तक कार्यवाहक DGP होंगे।
- हरियाणा DGP पद से शत्रुजीत कपूर रिलीव
- अब सिर्फ पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन
- ओपी सिंह अगले आदेश तक कार्यवाहक DGP रहेंगे
हरियाणा सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लेते हुए IPS शत्रुजीत सिंह कपूर को पुलिस महानिदेशक पद से रिलीव कर दिया है। अब शत्रुजीत कपूर के पास केवल हरियाणा पुलिस हाउसिंग कॉरपोरेशन के चेयरमैन का ही चार्ज रहेगा। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
सरकार ने कार्यवाहक डीजीपी ओपी सिंह को अपने मौजूदा कर्तव्यों के साथ-साथ अगले आदेश तक हरियाणा के पुलिस महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया है। इससे पहले भी ओपी सिंह कार्यवाहक डीजीपी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
गौरतलब है कि IPS वाई पूरन कुमार आत्महत्या मामले में नाम सामने आने के बाद शत्रुजीत कपूर को 14 अक्टूबर से दो महीने की लंबी छुट्टी पर भेजा गया था। उनकी छुट्टी की अवधि 13 दिसंबर को पूरी हो गई थी। छुट्टी खत्म होने के अगले ही दिन सरकार ने उन्हें DGP पद से औपचारिक रूप से रिलीव कर दिया।
सूत्रों के मुताबिक, सरकार इस मामले में आगे की कानूनी और प्रशासनिक स्थिति को देखते हुए अगला निर्णय ले सकती है। फिलहाल पुलिस विभाग की कमान ओपी सिंह के हाथों में ही रहेगी।
Author1