कांग्रेस करेगी हरियाणा में वोट चोरी के खिलाफ राज्यव्यापी प्रदर्शन, करनाल से होगी शुरूआत
हरियाणा कांग्रेस ने संविधान बचाओ और वोट चोरी के मुद्दे पर हर जिले में प्रदर्शन का एलान किया। करनाल से शुरुआत होगी। दीपेंद्र हुड्डा बोले- लोकतंत्र बचाने की लड़ाई अब सड़कों पर लड़ी जाएगी
• हरियाणा कांग्रेस करेगी संविधान बचाओ और वोट चोरी के खिलाफ बड़ा आंदोलन
• करनाल से होगी शुरुआत, हर जिले में होगा प्रदर्शन
• दीपेंद्र हुड्डा बोले – मुख्य चुनाव आयुक्त BJP के पन्ना प्रमुख की भूमिका में
हरियाणा में कांग्रेस ने बड़ा राजनीतिक आंदोलन छेड़ने का ऐलान किया है। पार्टी ने संविधान बचाने और वोट चोरी के मुद्दे पर राज्य के हर जिले में प्रदर्शन करने का निर्णय लिया है। इसकी शुरुआत करनाल से होगी, जिसके बाद यह कार्यक्रम पूरे हरियाणा में चलेंगे।
दिल्ली के इंदिरा भवन में हुई बैठक में यह फैसला लिया गया। इस बैठक में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी बीके हरि प्रसाद, सह प्रभारी जितेंद्र बघेल, प्रदेशाध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा, सांसद कुमारी सैलजा और दीपेंद्र हुड्डा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
बैठक के बाद दीपेंद्र हुड्डा ने मीडिया से कहा, “हरियाणा में चुनाव आयोग ने भाजपा से मिलीभगत कर मतदाता सूची में हेरफेर की है। मुख्य चुनाव आयुक्त भाजपा के मुख्य पन्ना प्रमुख की तरह काम कर रहे हैं। हम लोकतंत्र और संविधान बचाने की लड़ाई लड़ेंगे। हर जिले में कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी।”
उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने वोट चोरी के मुद्दे को देशव्यापी स्तर पर उठाया है और अब हरियाणा कांग्रेस इसको जन आंदोलन बनाएगी।
बैठक में सांसदों, विधायकों, पूर्व सांसदों, पूर्व विधायकों, कार्यकारिणी सदस्यों और जिलाध्यक्षों ने भाग लिया। पार्टी ने रणनीति तय की कि सभी जिलों में संविधान बचाओ अभियान के तहत प्रदर्शन किए जाएंगे और चुनावी गड़बड़ी के खिलाफ जन जागरूकता फैलाई जाएगी।
1. 22,779 वोटों से हारी कांग्रेस की आठ सीटें:
राहुल गांधी ने तीन महीने पहले हुए प्रस्तुतीकरण में हरियाणा का जिक्र करते हुए कहा था कि 2024 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस महज 22,779 वोटों से पूरे प्रदेश में आठ सीटों पर हार गई। उन्होंने कहा कि कुछ विधानसभा क्षेत्रों में वोटर लिस्ट में 12-15% वोट बढ़ गए, जो स्पष्ट रूप से गड़बड़ी का संकेत हैं।
2. ‘ब्राजीलियन मॉडल ने 22 बार वोट डाला’:
राहुल गांधी ने 5 नवंबर को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में दावा किया कि सोनीपत की राई विधानसभा में 10 बूथों पर एक ही ‘ब्राजीलियन मॉडल’ ने 22 वोट डाले। कई वोटर्स के नाम और फोटो अलग-अलग थे। उन्होंने कहा कि हरियाणा में 3.5 लाख वोटर लिस्ट से गायब कर दिए गए, जबकि भाजपा नेताओं के घरों में सैकड़ों फर्जी वोट पाए गए।
लोकसभा चुनाव में BJP कमजोर, कांग्रेस की वापसी
मई 2024 में हुए लोकसभा चुनाव में हरियाणा में भाजपा और कांग्रेस ने 5-5 सीटें जीतीं। भाजपा को 46.11% और कांग्रेस को 43.67% वोट मिले। 2019 की तुलना में भाजपा का वोट शेयर 12.09% घटा जबकि कांग्रेस का 15.25% बढ़ गया।
2014 और 2019 में भाजपा ने प्रदेश की सभी 10 सीटें जीती थीं, लेकिन 2024 में कांग्रेस ने रोहतक, सोनीपत, हिसार, सिरसा और अंबाला सीटें जीतकर वापसी की।
Author1