हरियाणा सीएम नायब सैनी और राव नरबीर सिंह जापान पहुंचे, जानें क्‍या है प्‍लान

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी और मंत्री राव नरबीर सिंह जापान दौरे पर हैं। उन्होंने जापान को ‘हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2026’ में भागीदारी का निमंत्रण दिया। गुरुग्राम और हरियाणा को जापानी निवेश से बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है।

हरियाणा सीएम नायब सैनी और राव नरबीर सिंह जापान पहुंचे, जानें क्‍या है प्‍लान


सीएम नायब सैनी और मंत्री राव नरबीर सिंह जापान दौरे पर पहुंचे
‘हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2026’ के लिए जापान को आमंत्रण
गुरुग्राम में जापानी कंपनियों के निवेश बढ़ने की संभावना


हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह इन दिनों विदेश यात्रा पर जापान में हैं। सोमवार अलसुबह टोक्यो पहुंचने पर उन्होंने जापान के विदेश मंत्रालय के राज्य मंत्री मियाजी ताकुमा के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान दोनों पक्षों ने आर्थिक, तकनीकी और औद्योगिक सहयोग पर गहन चर्चा की और कई नई संभावनाओं पर सहमति बनी।

मुख्यमंत्री नायब सैनी ने जापानी मंत्री को ‘हैपनिंग हरियाणा ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट 2026’ में भागीदार देश बनने का औपचारिक निमंत्रण दिया। जापानी प्रतिनिधिमंडल ने इस आमंत्रण को सकारात्मक रुचि के साथ स्वीकार किया। इस यात्रा का बड़ा लाभ हरियाणा विशेषकर गुरुग्राम को मिलने की उम्मीद जताई जा रही है, जहां पहले से ही कई जापानी कंपनियां कार्यरत हैं।

मुख्यमंत्री का यह दौरा विशेष रूप से जापानी कंपनियों, ऑटोमोटिव, इलेक्ट्रॉनिक्स और टेक्नोलॉजी क्षेत्र की अग्रणी कंपनियों जैसे टोयोटा, होंडा, पैनासोनिक और अन्य ओईएम (ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर्स) के साथ औद्योगिक संवाद को मजबूत करने पर केंद्रित है। इन कंपनियों की पहले से ही हरियाणा में मजबूत उपस्थिति है, और यह यात्रा दोनों पक्षों के बीच संबंधों को और गहराई देने का अवसर बन सकती है।

दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री ने कहा कि यह यात्रा हरियाणा के लिए नए निवेश के द्वार खोलने वाली साबित होगी। उन्होंने कहा, “हम जापान के उद्योगपतियों और नीति निर्माताओं से मिलकर हरियाणा में निवेश और सहयोग के नए अवसर सृजित करेंगे।”

मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि यह दौरा हरियाणा और जापान दोनों के लिए विन-विन साझेदारी साबित होगा और राज्य की औद्योगिक वृद्धि को नई दिशा देगा।

कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह ने बताया कि यात्रा के दौरान कई उच्चस्तरीय बैठकों और सेमिनारों का आयोजन किया जाएगा। इसमें हरियाणा सरकार जापानी निवेशकों को ‘हैपनिंग हरियाणा’ पहल के तहत उपलब्ध औद्योगिक, इंफ्रास्ट्रक्चर और नीतिगत अवसरों से अवगत कराएगी। उन्होंने कहा कि यह पहल हरियाणा को एक वैश्विक इंवेस्टमेंट डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करने की दिशा में अहम कदम है।

इस दौरे के दौरान सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा, ताकि दोनों देशों के बीच लोगों से लोगों के संबंध और मजबूत हो सकें।

गुरुग्राम इस यात्रा का केंद्रीय बिंदु है, क्योंकि यहां पहले से मारुति सुजुकी, डेंसो, याजाकी जैसी जापानी कंपनियां कार्यरत हैं। इस दौरे से उम्मीद है कि गुरुग्राम में जापान का निवेश और बढ़ेगा। इसके अलावा तकनीकी नवाचार, स्टार्टअप सहयोग और सस्टेनेबल डेवलपमेंट के क्षेत्र में भी नई साझेदारियाँ उभरेंगी।

मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि हरियाणा जापान के लिए निवेश और सहयोग का भरोसेमंद गंतव्य है। “हमारा उद्देश्य है कि जापान के अनुभव और तकनीक से हरियाणा के विकास को नई दिशा मिले,” उन्होंने कहा।