10वीं गणित पेपर लीक! जानें क्‍या है पूरा मामला

चरखी दादरी के रानीला परीक्षा केंद्र से हरियाणा बोर्ड 10वीं गणित पेपर लीक का मामला सामने आया। QR कोड ट्रैकिंग से खुलासा, दो छात्रों से पूछताछ और स्टाफ को नोटिस जारी।

10वीं गणित पेपर लीक!  जानें क्‍या है पूरा मामला

■ 1:56 बजे सोशल मीडिया पर वायरल हुआ प्रश्नपत्र
■ QR कोड ट्रैकिंग से रानीला सेंटर की पहचान
■ दो छात्रों से पूछताछ, स्टाफ को नोटिस जारी


हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 10वीं कक्षा के गणित विषय की परीक्षा के पहले ही दिन पेपर लीक का मामला सामने आया है। यह प्रकरण चरखी दादरी जिले के गांव रानीला स्थित परीक्षा केंद्र से जुड़ा है।

बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार के अनुसार, परीक्षा समाप्त होने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल प्रश्नपत्र की जांच की गई। प्रश्नपत्र पर अंकित QR कोड के माध्यम से यह स्पष्ट हुआ कि पेपर किस केंद्र से बाहर गया।

करीब दोपहर 1 बजकर 56 मिनट पर प्रश्नपत्र सोशल मीडिया पर पहुंचने की सूचना मिली। इसके बाद बोर्ड ने तीन स्तरों पर जांच शुरू की। QR ट्रैकिंग के आधार पर रानीला केंद्र की पहचान हुई और संबंधित परीक्षार्थियों तक पहुंच बनाई गई।

बोर्ड अध्यक्ष के मुताबिक, दो छात्रों द्वारा प्रश्नपत्र बाहर भेजे जाने की पुष्टि हुई है। दोनों से पुलिस पूछताछ कर रही है। परीक्षा केंद्र के अधीक्षक की ओर से FIR दर्ज कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

बोर्ड ने सख्ती दिखाते हुए सेंटर की चीफ सुपरिटेंडेंट अनीता, प्रिंसिपल राजेश गुप्ता, सुपरिटेंडेंट समेत अन्य कर्मचारियों को नोटिस जारी किया है। यदि किसी की लापरवाही या संलिप्तता पाई गई तो कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

वायरल तस्वीरों में आठ पृष्ठों का गणित प्रश्नपत्र दिखाई दे रहा था। हालांकि वायरल सामग्री की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की गई है। बोर्ड मुख्यालय ने यह भी जांच शुरू कर दी है कि इस मामले में और कौन शामिल हो सकता है।

परीक्षा के दौरान कुछ केंद्रों पर अव्यवस्था की तस्वीरें भी सामने आईं। फरीदाबाद में एक छात्र रोल नंबर देखने के लिए नोटिस बोर्ड पर चढ़ गया, जबकि भिवानी के एक केंद्र पर कुछ छात्र जमीन पर बैठकर परीक्षा देते नजर आए।

इसके बावजूद परीक्षा समाप्ति के बाद कई छात्र संतुष्ट दिखे। कुछ छात्रों ने पेपर को आसान बताया, जबकि कुछ ने दावा किया कि कुछ प्रश्न सिलेबस से बाहर थे। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और दोषियों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।