हरियाणा सीएम सैनी का बड़ा एक्शन:करनाल के 3 अधिकारी निलंबित, फर्जी गेट पास और ई-खरीद पोर्टल में गड़बड़ी कार्रवाई
हरियाणा में बाजरा खरीद में गड़बड़ी की शिकायतों पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का बड़ा एक्शन, कनीना-कोसली के अधिकारी निलंबित, करनाल में भी तीन अफसर सस्पेंड।
➤कनीना और कोसली मंडियों के अधिकारियों को सस्पेंड किया गया
➤ करनाल में फर्जी गेट पास पर तीन अधिकारी निलंबित
➤ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पारदर्शी खरीद के दिए सख्त निर्देश
हरियाणा में बाजरा खरीद प्रक्रिया में गड़बड़ी की शिकायतों पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बड़ा एक्शन लिया है। नई अनाज मंडी, कनीना और अनाज मंडी, कोसली में ई-खरीद पोर्टल और मार्केट कमेटी के एच-रजिस्टर में अंतर की शिकायतें सामने आने के बाद दोनों मंडियों के सचिव-सह-ईओ को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है।
सरकार को यह भी शिकायतें मिली थीं कि दोनों मंडियों में गेट पास जारी करने की प्रक्रिया में गंभीर अनियमितताएं की जा रही थीं। जांच में पाया गया कि कुछ अधिकारियों ने ई-खरीद पोर्टल के आंकड़ों से छेड़छाड़ की और ऑक्शन रिकॉर्ड में अंतर पाया गया। इसके बाद मुख्यमंत्री ने नई अनाज मंडी कनीना के सचिव-सह-ईओ मनोज पराशर और अनाज मंडी कोसली के सचिव-सह-ईओ नरेंद्र कुमार को तुरंत निलंबित करने के आदेश दिए।
इसी तरह करनाल में भी फर्जी गेट पास जारी करने की शिकायतें आईं थीं। जांच में पाया गया कि अलग-अलग आईपी एड्रेस का इस्तेमाल करके फर्जी गेट पास बनाए गए। इस पर मुख्यमंत्री ने मार्केट कमेटी, करनाल के मंडी सुपरवाइजर हरदीप, अश्वनी और ऑक्शन रिकॉर्डर सतबीर को भी तुरंत प्रभाव से सस्पेंड कर दिया।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि किसानों के हितों से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और मंडियों में पारदर्शी एवं निष्पक्ष खरीद प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
Author1