फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए ACB का स्‍पेशल ‘ऑपरेशन पीछा करो’ शुरू

हरियाणा में एंटी करप्शन ब्यूरो 7 दिन का विशेष अभियान ‘ऑपरेशन पीछा करो’ शुरू करेगा। इस दौरान फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें बनेंगी और डेली मॉनिटरिंग होगी।

फरार चल रहे आरोपियों की धरपकड़ के लिए ACB का स्‍पेशल ‘ऑपरेशन पीछा करो’ शुरू


हरियाणा में ACB शुरू करेगा ‘ऑपरेशन पीछा करो’
7 दिन चलेगा विशेष अभियान, फरार आरोपी होंगे निशाने पर
डेली मॉनिटरिंग और सख्त कार्रवाई के निर्देश


हरियाणा में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने एक विशेष अभियान शुरू करने का फैसला किया है। एसीबी द्वारा ‘ऑपरेशन पीछा करो’ नाम से यह अभियान चलाया जाएगा, जो आगामी सात दिनों तक जारी रहेगा। इस दौरान लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी पर विशेष फोकस रहेगा।

राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के प्रमुख अजय सिंघल ने इस अभियान को लेकर सभी एसीबी रेंज के पुलिस अधीक्षकों को स्पष्ट निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों में कहा गया है कि कई मामलों में आरोपी लंबे समय से फरार हैं, जिससे न्यायिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीमें गठित कर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

निर्देशों के अनुसार, जिन मामलों में आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य और तथ्य रिकॉर्ड पर उपलब्ध हैं, उनमें तत्काल गिरफ्तारी की जाएगी। इसके साथ ही लंबित मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के आदेश दिए गए हैं।

अभियान की निगरानी सीधे एसीबी मुख्यालय द्वारा की जाएगी। सभी संबंधित इकाइयों को की गई कार्रवाई की नियमित रिपोर्ट मुख्यालय को भेजनी होगी। किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता को गंभीरता से लिया जाएगा।

एसीबी प्रमुख अजय सिंघल ने कहा कि यह विशेष अभियान राज्य सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति के अनुरूप है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के मामलों में कानून से बचने की कोशिश करने वालों के लिए अब कोई जगह नहीं है। यह अभियान भ्रष्टाचार के खिलाफ एक और मजबूत कदम माना जा रहा है।