हरियाणा सरकार के खातों में लौटे 578 करोड़ रुपए
हरियाणा सरकार के खातों में 578 करोड़ रुपए वापस आए। CM नायब सैनी ने उच्च स्तरीय जांच कमेटी बनाई और दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया। सदन में कांग्रेस का हंगामा।
■ 556 करोड़ मूलधन और 22 करोड़ ब्याज शामिल
■ वित्त सचिव की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय जांच कमेटी गठित
■ सदन में बयान के बाद कांग्रेस का हंगामा
हरियाणा सरकार के खातों में कुल 578 करोड़ रुपए वापस आ गए हैं। इसमें 556 करोड़ रुपए मूलधन और 22 करोड़ रुपए ब्याज के रूप में शामिल हैं। यह जानकारी मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में साझा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पूरे मामले की जांच के लिए वित्त सचिव की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय कमेटी का गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस मामले को गंभीरता से ले रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
सैनी ने सदन में कहा कि उनकी सरकार में घोटालों को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने पूर्व सरकारों पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले फाइलें दबा दी जाती थीं और जिम्मेदारी तय नहीं होती थी, लेकिन अब पारदर्शिता के साथ कार्रवाई होगी।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद सदन का माहौल गरमा गया। कांग्रेस विधायकों ने सरकार पर सवाल उठाते हुए हंगामा किया। विपक्ष ने मामले की पूरी जवाबदेही तय करने और विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। फिलहाल सरकार की ओर से गठित कमेटी जांच की दिशा और जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका स्पष्ट करेगी।
Akhil Mahajan