डेयरी प्लांट पर CM फ्लाइंग की रेड,गंदगी के बीच रखा मिला हजारों लीटर दूध
हांसी के महादेव डेयरी रॉ मिल्क चिलिंग प्लांट पर CM फ्लाइंग और फूड सेफ्टी विभाग ने छापा मारकर दूध के सैंपल और कैमिकल जांच के लिए लैब भेजे।
हांसी के महादेव डेयरी प्लांट पर CM फ्लाइंग की बड़ी रेड
गंदगी के बीच हजारों लीटर दूध स्टोर मिला
दूध और कैमिकल के सैंपल लैब भेजे गए
हरियाणा के हांसी जिले में बुधवार को मुख्यमंत्री उड़न दस्ते (CM Flying) और फूड सेफ्टी विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक डेयरी प्लांट पर छापा मारा। ढाणी पीर वाली गांव स्थित महादेव डेयरी रॉ मिल्क चिलिंग प्लांट में गंदगी और अनियमितताओं के बीच हजारों लीटर दूध स्टोर मिला।
यह संयुक्त कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जांच के दौरान टीम को प्लांट परिसर में भारी गंदगी मिली। अधिकारियों के अनुसार प्लांट से लगातार तेज बदबू आ रही थी और इसी माहौल में दूध को स्टोर किया जा रहा था।
जांच में यह भी सामने आया कि डेयरी प्लांट में सफाई के मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था। दूध छानने वाले उपकरण गंदगी से भरे मिले। टीम को मौके से कुछ कैमिकल भी बरामद हुए हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
फूड सेफ्टी विभाग और सीएम फ्लाइंग की टीम ने बड़ी मात्रा में दूध के सैंपल लिए। इन सैंपलों को गुणवत्ता और मिलावट की जांच के लिए लैब भेजा गया है। कार्रवाई के बाद डेयरी कारोबारियों में हड़कंप मच गया।
अधिकारियों ने बताया कि चिलिंग प्लांट में कई प्रकार की अनियमितताएं मिली हैं। अब पूरी रिपोर्ट तैयार की जा रही है और लैब रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस अभियान में सीएम फ्लाइंग जींद, सोनीपत और हांसी के इंचार्ज इंस्पेक्टर रोहताश के नेतृत्व में टीम शामिल रही। वहीं फूड सेफ्टी विभाग की ओर से एफएसओ काजल मेहता ने जांच प्रक्रिया पूरी कराई।
फूड सेफ्टी विभाग और मुख्यमंत्री उड़न दस्ते ने साफ कहा है कि लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। विभाग ने संकेत दिए हैं कि जिलेभर में खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए आगे भी लगातार छापेमारी अभियान जारी रहेगा।
pooja