दुकान न तोड़ने के बदले 20 हजार की रिश्वत लेते JE गिरफ्तार
हांसी में दुकान न तोड़ने के बदले 20 हजार की रिश्वत लेते JE गिरीश कुमार को ACB हिसार ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया, PC Act में मामला दर्ज।
-
दुकान न तोड़ने के बदले 20 हजार की रिश्वत लेते JE गिरफ्तार
-
ACB हिसार ने रंगे हाथों दबोचा, शिकायतकर्ता ने की थी रिकॉर्डिंग
-
PC Act के तहत केस दर्ज, कोर्ट में पेशी
हिसार जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। जिला नगर योजनाकार विभाग के कनिष्ठ अभियंता गिरीश कुमार को ACB हिसार की टीम ने 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पेटवाड़ गांव निवासी सुमित पुत्र रणबीर की शिकायत पर की गई।
शिकायतकर्ता ने बताया कि हांसी-पेटवाड़ रोड पर उसकी पीवीसी सीट पैनल की दुकान है। JE गिरीश कुमार ने दुकान को अवैध बताते हुए नोटिस देने और तोड़फोड़ की धमकी दी। इसके बदले उसने 50 हजार रुपये की मांग की। डर के कारण बातचीत के बाद सौदा 20 हजार रुपये में तय हुआ।
सुमित ने पूरी बातचीत की मोबाइल में रिकॉर्डिंग कर ली और 26 दिसंबर को ACB हिसार कार्यालय में शिकायत दर्ज करवाई। प्राथमिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर PC Act की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद ACB टीम ने तोशाम रोड स्थित हुडा कार्यालय परिसर की छत पर ट्रैप लगाया। जैसे ही JE ने रिश्वत की राशि ली, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को थाने लाया गया। ACB अधिकारियों के अनुसार, आरोपी को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। मामले की जांच जारी है।
Akhil Mahajan