BJP विधायक का विरोध, ग्रामीणों ने गिनाए अधूरे वादे
हांसी के चानौत गांव में ग्रामीणों ने BJP विधायक विनोद भयाणा का विरोध किया। ₹68 करोड़ के भाखड़ा नहर प्रोजेक्ट में गांव को पानी देने की मांग को लेकर धरना जारी है।
हांसी में BJP विधायक विनोद भयाणा का ग्रामीणों ने किया विरोध
₹68 करोड़ के भाखड़ा नहर प्रोजेक्ट पर 10 दिन से धरना जारी
ग्रामीण बोले- पानी नहीं मिला तो गांव से वोट भी नहीं मिलेगा
हरियाणा के हांसी में भाजपा विधायक विनोद भयाणा को अपने ही विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। गांव चानौत में विधायक का विरोध करते हुए ग्रामीणों ने उनके सामने ही अधूरे वादों की लंबी सूची गिना दी। इसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
विधायक विनोद भयाणा गांव चानौत में पिछले 10 दिनों से चल रहे धरने पर पहुंचे थे। ग्रामीणों की मांग है कि भाखड़ा नहर का शुद्ध पानी लाने के लिए करीब 68 करोड़ रुपए की लागत से तैयार किए गए पाइपलाइन प्रोजेक्ट में उनके गांव के लिए भी पानी की व्यवस्था की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक गांव को पानी देने की मंजूरी नहीं मिलेगी, तब तक वे पाइपलाइन के लिए रास्ता नहीं देंगे।
धरने के दौरान ग्रामीणों ने विधायक को दो टूक कहा कि अगर गांव को पानी मिला तो ही वोट मिलेगा, अन्यथा पूरा गांव उनका विरोध करेगा। ग्रामीणों की नाराजगी के बीच विधायक सिर झुकाए बैठे रहे और मुस्कुराते नजर आए। हालांकि उन्होंने कहा कि यह मामला उनके अधिकार क्षेत्र का नहीं है, लेकिन वह सरकार से इस बारे में बातचीत करेंगे।
दरअसल, भाखड़ा नहर का शुद्ध पानी पहुंचाने के लिए तैयार किया गया यह प्रोजेक्ट तीसरी बार अटक गया है। इससे पहले NHAI से एनओसी नहीं मिलने और पिछले साल भारी बारिश के कारण हांसी-बरवाला रोड पर हुए जलभराव की वजह से काम रुक चुका है। अब चानौत गांव के ग्रामीणों के आंदोलन के कारण प्रोजेक्ट फिर ठप पड़ा है।
ग्रामीणों की मुख्य मांग है कि पाइपलाइन प्रोजेक्ट के तहत गांव के जलघर (वाटर वर्क्स) को भी सीधा पेयजल कनेक्शन दिया जाए, ताकि गांव को स्थायी रूप से पेयजल संकट से राहत मिल सके। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होगी, तब तक धरना जारी रहेगा।
धरने पर बैठे ग्रामीण अनूप ने विधायक के सामने ही पिछले दो वर्षों के अधूरे वादे गिनवाए। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक कोटे से गांव को कोई विकास निधि नहीं मिली। वर्ष 2023 में गांव की फिरनी और श्मशान घाट के लिए फंड देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन महीनों बाद भी कोई राशि जारी नहीं हुई।
ग्रामीणों ने गांव में जलभराव की समस्या का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि पिछले साल बारिश के दौरान गांव में भारी जलभराव हुआ था। उस समय विधायक ने खुली ड्रेन और पक्के निर्माण का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक काम शुरू नहीं हुआ। किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि जलभराव से खराब हुई फसलों का अब तक कोई मुआवजा नहीं मिला।
इसके अलावा ग्रामीणों ने 50 एचपी मोटर उपलब्ध करवाने और स्पेशल पाइपलाइन योजना को लेकर किए गए वादों पर भी सवाल उठाए। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत से मांग पत्र लेने के बावजूद दो साल में कोई काम शुरू नहीं हुआ। वहीं, हर घर जल योजना के तहत भी कई घरों में अब तक नल कनेक्शन नहीं पहुंच पाए हैं।
pooja