हरियाणा में भाखड़ा पाइपलाइन को लेकर बवाल, ग्रामीणों ने किया उखाड़ने का प्रयास
हांसी के चैनत गांव में पेयजल कनेक्शन की मांग को लेकर ग्रामीणों ने भाखड़ा पाइपलाइन उखाड़ने का प्रयास किया। हांसी-बरवाला रोड जाम, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात।
17 दिन से पानी कनेक्शन की मांग पर धरना जारी
ग्रामीणों ने भाखड़ा पाइपलाइन उखाड़ने का किया प्रयास
हांसी-बरवाला रोड जाम, भारी पुलिस बल तैनात
हरियाणा के हांसी के गांव चैनत में भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। पिछले 17 दिनों से ग्रामीण पाइपलाइन से पानी कनेक्शन देने की मांग को लेकर धरने पर बैठे हुए हैं। मांगें पूरी नहीं होने पर सोमवार को आंदोलन उग्र हो गया और ग्रामीणों ने पाइपलाइन उखाड़ने का प्रयास शुरू कर दिया।
ग्रामीणों के प्रदर्शन के बाद प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारी तैनात किए गए हैं। स्थिति को देखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने हांसी-बरवाला रोड पर जाम लगा दिया है। इसके चलते पुलिस और ग्रामीण आमने-सामने आ गए हैं। मौके पर एसडीएम राजेश खोथ, डीएसपी रविंद्र सांगवान, सदर थाना प्रभारी सदानंद समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद हैं और हालात पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
ग्रामीणों ने पहले ही चेतावनी दी थी कि यदि 1 जून तक उनकी बिजली और पेयजल संबंधी मांगों का समाधान नहीं किया गया तो हांसी शहर के लिए बिछाई जा रही भाखड़ा पेयजल पाइपलाइन को उखाड़कर सड़क पर रख दिया जाएगा। सोमवार को इसी चेतावनी के तहत ग्रामीणों ने पाइपलाइन को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की।
ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से गांव में पेयजल और बिजली की समस्याएं बनी हुई हैं, लेकिन उनकी मांगों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। उनका आरोप है कि प्रशासन उनकी मूलभूत जरूरतों की लगातार अनदेखी कर रहा है।
दूसरी ओर प्रशासन का कहना है कि किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पूरी तैयारी की गई है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर समाधान निकालने की कोशिश शुरू कर दी है। फिलहाल गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है और स्थिति पर प्रशासन की कड़ी नजर है।
pooja