छोटू मिष्ठान भंडार से 50 लाख की फिरौती मांगने वाले बदमाश का एनकाउंटर

हांसी में छोटू मिष्ठान भंडार से 50 लाख की रंगदारी मांगने वाले आरोपी अनुराग को पुलिस ने सुंदर नहर पुल के पास मुठभेड़ में घायल कर गिरफ्तार किया। आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे हिसार रेफर किया गया।

छोटू मिष्ठान भंडार से 50 लाख की फिरौती मांगने वाले बदमाश का एनकाउंटर
छोटू मिष्ठान भंडार से 50 लाख की फिरौती मांगने वाले बदमाश का एनकाउंटर

छोटू मिष्ठान भंडार से 50 लाख की फिरौती मांगने का मामला
अवैध हथियार बरामदगी के दौरान फायरिंग, पैर में गोली लगने से घायल
पिंटा चिकन कॉर्नर पर काम करता है अनुराग, चार बहनों का इकलौता भाई


हरियाणा के हांसी शहर में व्यस्त बाजार स्थित छोटू मिष्ठान भंडार से 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगने वाले बदमाश का पुलिस ने एनकाउंटर किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अनुराग को जांच के दौरान रात करीब 11:10 बजे अवैध हथियार की बरामदगी के लिए सुंदर नहर पुल के पास ले जाया गया था। इसी दौरान उसने कथित तौर पर स्पेशल स्टाफ टीम पर फायरिंग कर भागने की कोशिश की।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी अनुराग के पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद उसे मौके पर ही काबू कर विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

घायल अनुराग को तुरंत नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हिसार रेफर कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है और अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।

आरोपी अनुराग हांसी के विकास नगर का निवासी है और शहर के मशहूर पिंटा चिकन कॉर्नर पर काम करता था। उसके पिता ने बताया कि अनुराग चार बहनों का इकलौता भाई है। तीन बहनें शादीशुदा हैं, जबकि एक बहन ग्रेजुएशन कर रही है। अनुराग ने दसवीं तक पढ़ाई की है और 12वीं की पढ़ाई ओपन स्कूल से कर रहा है।

पिता ने बताया कि वह शुगर के मरीज हैं और हाल ही में उनके पैरों की सर्जरी हुई है। उनके अनुसार, घटना वाले दिन दोपहर करीब 2 बजे अनुराग घर से मां की दवा लेने निकला था। दूसरा आरोपी हिमांशु उसे घर से लेने आया था। इसके बाद क्या हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। उन्होंने पुलिस से अनुराग से मिलने की अनुमति देने की मांग की है।

बताया गया है कि हांसी के व्यस्त बाजार में स्थित छोटू स्वीट्स के संचालक के पास बाइक सवार दो युवकों ने 50 लाख रुपए की रंगदारी की पर्ची फेंकी थी। पर्ची में लिखा था, “लाला, 50 लाख की फिरौती है, एक दिन का टाइम है, बाकी काम मेरा है।” पर्ची में बासु उर्फ अनुराग और हिमांशु के नाम लिखे थे।

दुकान संचालक ने तुरंत व्यापार संगठन के प्रधान और पुलिस को सूचना दी। वारदात के बाद व्यापारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत कई टीमें गठित कीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों आरोपियों को दबोच लिया। एक वीडियो भी सामने आया, जिसमें दोनों युवक बाइक पर आकर पर्ची फेंकते और फरार होते नजर आ रहे हैं।

यह घटना शहर में चर्चा का विषय बनी हुई है और व्यापारी वर्ग में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।