17 वर्षीय छात्र ने क्लासमेट को गोली मारी, पिता की लाइसेंसी पिस्तौल से वारदात को अंजाम
गुरुग्राम के सेक्टर-48 में 17 वर्षीय छात्र ने अपने क्लासमेट को पिता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली मार दी। घायल छात्र की हालत नाजुक है, पुलिस ने दो नाबालिगों को गिरफ्तार किया।
-
गुरुग्राम में क्लासमेट ने क्लासमेट को गोली मारी, 17 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल
-
आरोपी नाबालिग के पिता प्रॉपर्टी डीलर, उसी की लाइसेंसी पिस्टल से चली गोली
-
दो नाबालिग गिरफ्तार, पुलिस ने पिस्टल, 2 मैगजीन और 70 कारतूस किए बरामद
गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में शनिवार देर रात एक स्कूल के छात्र ने अपने ही क्लासमेट पर गोली चला दी, जिससे 17 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना सेक्टर-48 क्षेत्र की है। घायल छात्र को मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना रात करीब 11 बजे मिली। सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके से एक खाली खोल बरामद किया गया। एफएसएल और फिंगरप्रिंट टीम को भी मौके पर बुलाया गया और साक्ष्य जुटाए गए।
दोनों आरोपी नाबालिग हैं, जिनमें से एक आरोपी के पिता प्रॉपर्टी डीलर हैं। उसने अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से गोली चलाई। पुलिस ने पिस्टल, दो मैगजीन और 70 कारतूस बरामद किए हैं। दोनों नाबालिगों को रविवार तड़के गिरफ्तार कर लिया गया।
घायल छात्र की मां ने पुलिस को बताया कि उसका बेटा कक्षा 11वीं में पढ़ता है। शनिवार को उसका क्लासमेट उसे घर बुलाने आया था। पहले तो उसने मना किया, लेकिन दोस्त के आग्रह पर वह खेड़की दौला टोल तक गया, जहां से आरोपी उसे अपने घर सेक्टर-48 ले गया। वहां आरोपी ने उसे गोली मार दी।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दो महीने पहले दोनों छात्रों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, इसी रंजिश के चलते आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया।
थाना सदर प्रभारी ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। यह भी जांच की जा रही है कि लाइसेंसी हथियार बच्चों की पहुंच में कैसे आया। पुलिस ने पिता की भूमिका को लेकर भी जांच शुरू कर दी है।
Author1