क्राइम ब्रांच टीम की बड़ी जीत: हरियाणा में नेपाल का बदमाश एनकाउंटर में धर दबोचा
गुरुग्राम में नेपाल मूल के कुख्यात बदमाश जगत बहादुर का एनकाउंटर हुआ। पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया। आरोपी फेसबुक पर फर्जी नाम से नौकरों से दोस्ती कर चोरी की वारदातें करता था।
➤ गुरुग्राम में क्राइम ब्रांच का नेपाल मूल के बदमाश से एनकाउंटर, पैर में गोली लगी
➤ आरोपी फेसबुक पर नाम बदलकर नेपाल के नौकरों से दोस्ती कर चोरियों को अंजाम देता था
➤ आरोपी के खिलाफ गुरुग्राम, पंजाब, मुंबई और नेपाल में कई केस दर्ज
गुरुग्राम में बुधवार-गुरुवार की रात क्राइम ब्रांच टीम और नेपाल मूल के कुख्यात बदमाश जगत बहादुर के बीच एनकाउंटर हुआ। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में काबू कर सेक्टर-10 अस्पताल में भर्ती करवाया गया। आरोपी नेपाल के कैलाली जिले के टिकनपुर इलाके का रहने वाला है और भारत में चोरी की वारदातों को अंजाम देने के लिए फेसबुक पर फर्जी नाम से नेपाल मूल के नौकरों से दोस्ती करता था।
पुलिस के अनुसार, एनकाउंटर की शुरुआत तब हुई जब क्राइम ब्रांच सेक्टर-43 टीम को सूचना मिली कि नेपाल मूल का एक व्यक्ति वजीराबाद से ताऊ देवीलाल पार्क के पिछले रास्ते पर वारदात की फिराक में घूम रहा है। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, तो आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। उसकी गोली पुलिस की गाड़ी पर लगी। आरोपी लगातार फायर करता रहा, जिस पर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की और एक गोली उसके पैर में लगी। कुल 6 राउंड फायरिंग हुई, जिसमें 4 फायर आरोपी ने और 2 पुलिस ने किए।
आरोपी से बरामदगी में एक पिस्तौल, एक कारतूस, एक बैग, लोहा काटने का कटर, प्लास, पेचकस और घटनास्थल से खाली कारतूस शामिल हैं। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी चोरी करने के लिए नेपाल से बस द्वारा भारत आता था और चोरी के बाद सामान टैक्सी से नेपाल ले जाता था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फेसबुक पर नेपाल के नौकरों से दोस्ती कर उनके जरिए मकान मालिकों को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश करता और फिर चोरी कर भाग जाता था। पिछले साल उसने मुंबई में भी करीब 20 लाख की चोरी को अंजाम दिया था। आरोपी हाल ही में नेपाल जेल से बाहर आया है, जहां उसे भारत से चोरी का सामान बेचने के आरोप में पकड़ा गया था।
उसके खिलाफ गुरुग्राम, पंजाब, उत्तराखंड, मुंबई और नेपाल में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी का नेटवर्क बड़ा है और उससे पूछताछ जारी है।