हरियाणा में पशु पकड़ रही निगम टीम पर हमला, स्टाफ ने भाग कर बचाई जान, पशुओं को छुड़ा ले गए आरोपी
गुरुग्राम के सेक्टर 56 और न्यू कॉलोनी में बेसहारा पशु पकड़ने गई नगर निगम की टीम पर हमला किया गया। कर्मियों से मारपीट, धमकी और सरकारी काम में बाधा डालने का आरोप है।
- गुरुग्राम में नगर निगम की टीम पर हमला, सरकारी काम में बाधा
- सेक्टर 56 और न्यू कॉलोनी में बेसहारा पशु पकड़ने गई थी टीम
- हाथापाई, मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप
गुरुग्राम। गुरुग्राम नगर निगम की सैनिटरी टीम पर बेसहारा पशुओं को पकड़ने के दौरान हमला किए जाने का मामला सामने आया है। सेक्टर 56 और न्यू कॉलोनी इलाके में विशेष अभियान चलाकर बेसहारा गायों को पकड़ने का कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और गाली-गलौज करते हुए हाथापाई और मारपीट की।
बताया गया है कि हमले के दौरान कई बाइकों का इस्तेमाल किया गया। इनमें से कुछ वाहनों के नंबर नोट किए गए, जबकि कई बाइकों पर नंबर प्लेट तक नहीं थी। इससे हमलावरों की पहचान में दिक्कत आने की बात कही जा रही है।
सेक्टर 56 में आरोप है कि कुछ लोगों ने जानबूझकर नगर निगम के सरकारी कार्य में बाधा डाली। आरोपियों ने निगम कर्मियों के साथ गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी भी दी। जब नगर निगम की टीम ने गायों को पकड़ने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उन्हें जबरन भगा दिया।
दूसरी घटना न्यू कॉलोनी इलाके में सामने आई। यहां नगर निगम की गाड़ी पर हमला किए जाने का आरोप है। बताया गया है कि अज्ञात लोगों ने गायों को निगम की गाड़ी से जबरन छुड़ा लिया, कर्मचारियों के साथ हाथापाई की और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
घटना के बाद नगर निगम कर्मचारियों में डर और आक्रोश है। पूरे मामले को लेकर प्रशासन और पुलिस को जानकारी दे दी गई है और घटनाओं की जांच की जा रही है।
Akhil Mahajan