गैंगस्टर दीपक नांदल के शूटर का एनकाउंटर , फैशन डिजाइनर के ऑफिस पर की थी फायरिंग
गुरुग्राम फायरिंग केस में STF ने एनकाउंटर के बाद एक शूटर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पैर में गोली लगी है और उससे गैंग के राज खुलने की उम्मीद है।
➤ गुरुग्राम फायरिंग केस में STF ने शूटर को एनकाउंटर के बाद पकड़ा
➤ सोनीपत का निलेश उर्फ ढीला पैर में गोली लगने से घायल
➤ दीपक नांदल गैंग की रंगदारी नेटवर्क पर बड़ा खुलासा संभव
हरियाणा के गुरुग्राम में मशहूर फैशन डिजाइनर मयंक चावला के शोरूम पर हुई फायरिंग के मामले में बड़ा एक्शन सामने आया है। स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने इस केस में एक और शूटर को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान निलेश उर्फ ढीला, निवासी जाजल गांव (सोनीपत) के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत काबू में लेकर जिला नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया।
बताया जा रहा है कि निलेश की गिरफ्तारी से गैंग की कई बड़ी योजनाओं का खुलासा हो सकता है। पुलिस के अनुसार आरोपी के ठीक होने के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर पूछताछ की जाएगी।
गौरतलब है कि 20 फरवरी को गुरुग्राम स्थित मयंक चावला के शोरूम की बिल्डिंग पर फायरिंग की गई थी। इस घटना के बाद विदेश में बैठे गैंगस्टर दीपक नांदल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जिम्मेदारी ली थी। पुलिस जांच में सामने आया कि यह फायरिंग रंगदारी वसूली के इरादे से की गई थी।
इस मामले में यह पांचवां आरोपी है। इससे पहले STF ने बहादुरगढ़ के तीन शूटरों को गिरफ्तार किया था, जबकि एक अन्य आरोपी को गुरुग्राम पुलिस ने पकड़ा था।
घटना के संबंध में STF अधिकारियों ने बताया कि दीपक नांदल गैंग लंबे समय से गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में फायरिंग, रंगदारी और अन्य आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रहा है।
बंधवाड़ी फ्लाईओवर (फरीदाबाद रोड) के पास इस मुठभेड़ को अंजाम दिया गया। STF को सुबह-सुबह सूचना मिली थी कि एक शूटर इलाके में मौजूद है। जैसे ही टीम ने उसे घेरने की कोशिश की, आरोपी ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें निलेश घायल हो गया।
घायल अवस्था में उसे तुरंत हिरासत में लेकर अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच को आगे बढ़ा रही है और गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
Akhil Mahajan