पूर्व सैनिक ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या

गुरुग्राम के साउथ सिटी-II में पूर्व सैनिक ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से खुद को गोली मार ली। तीन लाइन का सुसाइड नोट मिला, पुलिस ने मामला दर्ज किया।

पूर्व सैनिक ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या

गुरुग्राम में पूर्व सैनिक ने खुद को गोली मारकर की आत्महत्या

.32 बोर रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली, मौके पर मौत

तीन लाइन का सुसाइड नोट मिला – “सबको राम-राम, अब खुश रहना”


 साउथ सिटी-II बी ब्लॉक स्थित सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक की ब्रांच के पीछे एक पूर्व सैनिक ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार शाम गोली चलने की आवाज सुनकर इलाके में हड़कंप मच गया। मौके पर पहुंचे लोगों ने 55 वर्षीय अशोक कुमार को खून से लथपथ हालत में पड़ा पाया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। मृतक की पहचान गांव टिकली निवासी अशोक कुमार के रूप में हुई है। वह सेना से रिटायर होकर इसी बैंक में सिक्योरिटी गार्ड के पद पर करीब 7-8 साल तक कार्यरत रहे थे। बताया गया कि डेढ़ साल से वे बेरोजगार थे।

गुरुग्राम में पुलिस द्वारा पूर्व सैनिक अशोक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा।

फुल लोडेड मिला रिवॉल्वर
पुलिस के अनुसार, अशोक कुमार ने अपनी लाइसेंसी .32 बोर रिवॉल्वर से खुद को गोली मारी। हथियार पूरी तरह लोडेड मिला, जिसमें पांच जिंदा कारतूस और एक खाली खोल बरामद हुआ। पुलिस ने रिवॉल्वर को कब्जे में ले लिया है।

तीन लाइन का सुसाइड नोट मिला
पुलिस को मृतक के बैग से तीन लाइन का सुसाइड नोट मिला जिसमें लिखा था — “सबको राम-राम। जो मेरे से दुखी थे, अब खुश रहना।” पुलिस इस नोट की जांच कर रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि क्या किसी ने अशोक को मानसिक रूप से परेशान किया था।

पत्नी से झूठ बोलकर निकले थे घर से
जांच में पता चला कि अशोक ने सुबह करीब 10 बजे पत्नी से कहा कि उन्हें इंटरव्यू के लिए जाना है, जबकि वे सीधे बैंक पहुंच गए। वहां जाकर अपने खाते से एक लाख रुपए निकाले और कहा कि किसी को कर्ज चुकाना है।

इसके बाद वे बैंक के पुराने सहकर्मियों से मिले और करीब दो घंटे तक बातचीत की। फिर वे बैंक के पीछे खाली रेहड़ी पर बैठ गए। कुछ घंटे बाद उन्होंने खुद को गोली मार ली।

परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं
अशोक कुमार के परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं। बड़ा बेटा हरियाणा पुलिस में कॉन्स्टेबल है। छोटा बेटा फिलहाल क्या करता है, इसकी जानकारी अभी स्पष्ट नहीं है।

आज पोस्टमॉर्टम कराया जाएगा
पुलिस ने बताया कि हथियार लाइसेंसी था और मृतक के नाम पर ही जारी था। बैग से मिले एक लाख रुपये और सुसाइड नोट को कब्जे में लिया गया है। आज पोस्टमॉर्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा जाएगा। मामले में सुसाइड के तहत कार्रवाई की जा रही है।