गुरुग्राम में बहन के बॉयफ्रेंड का मर्ड*र:दोस्त ने शराब पिलाकर इलेक्ट्रिक वायर से गला घोंटा, गंदे नाले में फेंकी डेडबॉडी

गुरुग्राम में बहन के प्रेम-प्रसंग से नाराज युवक ने अपने दोस्त की हत्या कर शव नाले में फेंक दिया। पुलिस ने ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

गुरुग्राम में बहन के बॉयफ्रेंड का मर्ड*र:दोस्त ने शराब पिलाकर इलेक्ट्रिक वायर से गला घोंटा, गंदे नाले में फेंकी डेडबॉडी

➤ बहन के साथ प्रेम-प्रसंग से नाराज आरोपी ने दोस्त को बुलाकर की हत्या
➤ इलेक्ट्रिक वायर से गला दबाया, कंबल में लपेटकर नाले में फेंका शव
➤ पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नगर निगम की मदद से शव बरामद किया


गुरुग्राम में बहन के प्रेम-प्रसंग से नाराज एक युवक द्वारा अपने ही दोस्त की हत्या कर शव को गंदे नाले में फेंकने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा करते हुए पुलिस ने मृतक के खास दोस्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने पूछताछ में हत्या की पूरी साजिश कबूल की है।

आरोपी की पहचान जिशान (27) निवासी गांव चूचैला, जिला अमरोहा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। मृतक सुहेब (27) भी उसी गांव का रहने वाला था। पुलिस के अनुसार, सुहेब का आरोपी की बहन के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था, जिससे जिशान अंदर ही अंदर नाराज था।

पुलिस जांच में सामने आया कि 23 जनवरी 2026 को सुहेब, जिशान के बुलावे पर काम की तलाश में गुरुग्राम के जय विहार पहुंचा था। शुरुआत में उसने परिजनों से बातचीत भी की, लेकिन 25 जनवरी के बाद उसका संपर्क पूरी तरह टूट गया।

जब परिजनों ने जिशान से संपर्क किया तो उसने झूठी कहानी गढ़ते हुए बताया कि सुहेब दिल्ली के मुस्तफाबाद काम की तलाश में गया है और वापस नहीं लौटा। संदेह होने पर परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई।

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि सुहेब को अंतिम बार जिशान के साथ ही देखा गया था। इसके बाद पुलिस ने जिशान से सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की बात स्वीकार कर ली।

पूछताछ में जिशान ने बताया कि उसने 24-25 जनवरी की रात जय विहार स्थित किराए के कमरे में सुहेब को शराब पिलाई और फिर इलेक्ट्रिक वायर से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के अगले दिन उसने अपने अन्य साथियों की मदद से शव को कंबल में लपेटा और प्रकाशपुरी चौक के गंदे नाले में फेंक दिया।

पुलिस आरोपी को लेकर प्रकाशपुरी चौक पहुंची, जहां नगर निगम (MCG) की सहायता से गंदे नाले से शव को बाहर निकाला गया। शव की पहचान परिजनों द्वारा की गई। पुलिस ने आरोपी को रिमांड पर लेकर आगे की गहन पूछताछ शुरू कर दी है।