पार्टी के बाद सांस लेने में दिक्‍कत हुई और अचानक एयर होस्‍टेस की मौ*त

गुरुग्राम में एयर इंडिया की एयर होस्टेस सिमरन डडवाल की पार्टी के बाद संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सांस लेने में दिक्कत के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा।

पार्टी के बाद सांस लेने में दिक्‍कत हुई और अचानक एयर होस्‍टेस की मौ*त
  • गुरुग्राम में पार्टी के बाद एयर होस्टेस की संदिग्ध मौत

  • सांस लेने में दिक्कत के बाद अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम

  • पोस्टमॉर्टम और फोरेंसिक रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज



गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम में एयर इंडिया में कार्यरत एक एयर होस्टेस की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 25 वर्षीय सिमरन डडवाल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मोहाली की रहने वाली थी। सिमरन वीकेंड पर अपने दोस्तों के साथ पार्टी करने के लिए गुरुग्राम के डीएलएफ फेस-1 स्थित एक फ्लैट में गई थी, जहां देर रात तक शराब पार्टी चली।

जानकारी के अनुसार, शनिवार और रविवार की दरम्यानी रात सिमरन अपनी दोस्त नीतिका के फ्लैट पर मौजूद थी। नीतिका भी एयर होस्टेस है और उत्तराखंड की रहने वाली बताई गई है। रात में फ्लैट पर अन्य दोस्त भी मौजूद थे। सभी ने मिलकर पार्टी की। सुबह करीब 5 बजे अचानक सिमरन को सांस लेने में दिक्कत होने लगी।

दोस्तों ने तुरंत उसे आर्टेमिस अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने मामले की सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद डीएलएफ फेस-1 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। साथ ही सैंपल को फोरेंसिक लैब भेजा गया है, ताकि मौत के सही कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि मौत प्राकृतिक कारणों से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

पुलिस के अनुसार, सिमरन पिछले दो साल से एयर इंडिया में कार्यरत थी। इससे पहले वह विस्तारा एयरलाइंस में भी सेवाएं दे चुकी थी। फिलहाल वह दिल्ली में रह रही थी। घटना की सूचना मिलने पर सिमरन का परिवार भी गुरुग्राम पहुंचा, लेकिन परिजनों की ओर से फिलहाल कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

डीएलएफ फेस-1 थाना पुलिस दोस्तों से पूछताछ कर रही है और पार्टी के दौरान क्या-क्या हुआ, इसकी कड़ी दर कड़ी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट और पोस्टमॉर्टम के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।