गुरु रंधावा के जिम पर ताबड़तोड़ फायरिंग! लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, पोस्ट में सलमान खान का जिक्र.....
दिल्ली के पश्चिम विहार में गुरु रंधावा से जुड़े बताए जा रहे जिम के बाहर फायरिंग हुई। सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने का दावा वायरल है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- दिल्ली के पश्चिम विहार में गुरु रंधावा से जुड़े बताए जा रहे जिम के बाहर फायरिंग
- सोशल मीडिया पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने जिम्मेदारी लेने का दावा किया
- पोस्ट में सलमान खान से दूरी बनाने की चेतावनी का भी जिक्र, पुलिस जांच में जुटी
दिल्ली के पश्चिम विहार इलाके में गुरुवार सुबह हुई फायरिंग की घटना ने सनसनी फैला दी। जानकारी के अनुसार, मशहूर पंजाबी गायक गुरु रंधावा से जुड़े बताए जा रहे एक जिम के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
मिली जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 5 बजे दो युवक बाइक पर सवार होकर पश्चिम विहार स्थित 24 HS Fitness Gym के बाहर पहुंचे। आरोपियों ने जिम के बाहर करीब सात राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट तेजी से वायरल होने लगा। वायरल पोस्ट में लॉरेंस बिश्नोई गैंग की ओर से इस फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में यह भी कहा गया कि पहले संबंधित लोगों को समझाया गया था कि वे सलमान खान से दूरी बनाकर रखें क्योंकि वह उनके दुश्मन हैं।
वायरल पोस्ट में यह दावा भी किया गया कि जिस जिम को निशाना बनाया गया, उसका संबंध पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा से है। हालांकि इन दावों की अभी तक पुलिस या किसी सरकारी एजेंसी की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान और उनके भागने के रूट का पता लगाया जा सके।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से तकनीकी और भौतिक साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट और ऑडियो क्लिप का इस घटना से कोई प्रत्यक्ष संबंध है या नहीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। अभी तक किसी भी दावे की पुष्टि नहीं हुई है। जांच पूरी होने के बाद ही फायरिंग के पीछे की वास्तविक वजह और आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।
Akhil Mahajan