सावधान! इन राशियों को सोना पहनना पड़ सकता है भारी, जानें
ज्योतिष के अनुसार सोना हर राशि के लिए शुभ नहीं होता। जानिए किन राशियों को सोना पहनने से बचना चाहिए और किनके लिए यह लाभकारी है।
➤ ज्योतिष में सोने का संबंध गुरु और सूर्य से माना जाता है
➤ तीन राशियों के लिए सोना पहनना माना गया अशुभ
➤ पांच राशियों को देता है धन और मान सम्मान
नई दिल्ली। भारतीय परंपरा में सोना केवल एक कीमती धातु नहीं बल्कि ऐश्वर्य, शुद्धता और शुभता का प्रतीक माना गया है। विवाह, पूजा-पाठ और धार्मिक संस्कारों में सोने का विशेष महत्व होता है। लेकिन ज्योतिष शास्त्र के अनुसार हर धातु हर व्यक्ति के लिए समान फल नहीं देती। मान्यता है कि यदि सोना किसी व्यक्ति की राशि या कुंडली के अनुकूल न हो, तो इससे आर्थिक हानि, मानसिक तनाव और जीवन में असंतुलन की स्थिति उत्पन्न हो सकती है।
शास्त्रों में स्वर्ण को सर्वोत्तम धातु का दर्जा दिया गया है। देवी-देवताओं के आभूषण और आसन सोने के बताए गए हैं। ज्योतिष के अनुसार सोने का सीधा संबंध देवगुरु बृहस्पति से माना जाता है, जो ज्ञान, धन और समृद्धि के कारक हैं। इसके साथ ही इसकी चमक और तेज के कारण इसका जुड़ाव सूर्य से भी माना जाता है। यदि किसी व्यक्ति की कुंडली में गुरु कमजोर हों तो ज्योतिषाचार्य सोना धारण करने की सलाह देते हैं।
ज्योतिष के अनुसार वृषभ राशि के स्वामी शुक्र ग्रह हैं और शुक्र तथा गुरु के बीच सामंजस्य नहीं माना जाता। ऐसे में वृषभ राशि के जातकों द्वारा अधिक सोना पहनने से सुख-सुविधाओं में कमी और स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न हो सकती हैं। मिथुन राशि के स्वामी बुध ग्रह हैं और बुध तथा गुरु के बीच मित्रता नहीं होने के कारण इस राशि के लिए सोना पहनना शुभ नहीं माना जाता। इससे ध्यान भटक सकता है और धन हानि के योग बन सकते हैं। वहीं मकर राशि के स्वामी शनिदेव हैं और शनि तथा गुरु के स्वभाव में विरोध माना जाता है, जिससे निर्णय क्षमता कमजोर हो सकती है और मानसिक तनाव बढ़ सकता है।
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार मेष, कर्क, सिंह, धनु और मीन राशि के जातकों के लिए सोना धारण करना अत्यंत शुभ माना गया है। इन राशियों के लोगों को सोने के आभूषण पहनने से सौभाग्य, मान-सम्मान और आर्थिक मजबूती प्राप्त हो सकती है।
Akhil Mahajan