गरीब रथ एक्सप्रेस में भीषण आग, बाल बाल बचे यात्री, अंबाला में बदले डिब्बे
अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस की बोगी में सरहिंद स्टेशन के पास शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। यात्रियों ने चेन खींचकर ट्रेन रोकी, किसी की जान नहीं गई। रेलवे ने जांच शुरू कर दी है।
➤ गरीब रथ एक्सप्रेस में लगी भीषण आग सरहिंद स्टेशन के पास अफरातफरी
➤ 19 नंबर एसी बोगी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग यात्री बाल-बाल बचे
➤ तीन घंटे बाद ट्रेन को दोबारा अंबाला के लिए रवाना किया गया
पंजाब के लुधियाना में सरहिंद स्टेशन के पास आग की चपेट में आई अमृतसर से बिहार के सहरसा जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस को अंबाला कैंट स्टेशन लाया गया। यहां ट्रेन के 3 कोच बदले गए। इसके बाद ट्रेन की पूरी पड़ताल की गई और यात्री चढ़ाए गए।
इस ट्रेन के लिए कोच चंडीगढ़ से मंगाए गए थे। आग से क्षतिग्रस्त हुए कोचों के यात्रियों को दूसरे कोचों में एडजस्ट कर अंबाला तक लाया गया था। जब ट्रेन में नए कोच लग गए, तब इन यात्रियों को वापस इनकी सीटों पर शिफ्ट किया गया।
पंजाब में हुए इस हादसे के कारण मेन लाइन प्रभावित हुई। इससे गुरमुखी एक्सप्रेस, अमृतसर शताब्दी, सचखंड एक्सप्रेस जैसी ट्रेनें लेट चल रही हैं। अंबाला स्टेशन पर यात्रियों की भारी भीड़ है। गरीबरथ एक्सप्रेस भी अपने तय समय से करीब 6 घंटे लेट है।

पंजाब के अमृतसर से बिहार के सहरसा जा रही गरीब रथ एक्सप्रेस (12204) में शनिवार सुबह बड़ा हादसा टल गया। सुबह करीब सात बजे सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन की 19 नंबर एसी बोगी में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। जैसे ही धुआं उठता दिखा, यात्रियों में हड़कंप मच गया। बोगी में सवार एक सतर्क यात्री ने तुरंत चेन खींचकर ट्रेन रोकी, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
यात्रियों ने अपना सामान छोड़कर ट्रेन से छलांग लगाई। भगदड़ में कई लोग मामूली रूप से घायल हुए जबकि एक यात्री को गंभीर चोट आई। ट्रेन में लुधियाना के कई व्यापारी और छोटे बच्चे भी सवार थे, जिससे स्थिति और भी तनावपूर्ण हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे, पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। लेकिन तब तक 19 नंबर बोगी पूरी तरह जल चुकी थी, जबकि पास की 18 नंबर बोगी का आधा हिस्सा भी आग की चपेट में आ गया। इसके बाद रेलवे की तकनीकी टीम ने जली हुई बोगी को ट्रेन से अलग कर दिया ताकि आग और न फैले।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। अंबाला मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) विनोद भाटिया और सीनियर डीसीएम एन.के. झा भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की पुष्टि हुई है। आग बुझाने के बाद ट्रेन को 3 घंटे बाद अंबाला के लिए रवाना किया गया।
इस हादसे का असर अन्य ट्रेनों पर भी पड़ा। अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस, गुरुमुखी सुपरफास्ट एक्सप्रेस, सचखंड एक्सप्रेस, दिल्ली इंटरसिटी और जालंधर इंटरसिटी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों की रफ्तार पर असर पड़ा।
फतेहगढ़ साहिब के एसपी शुभम अग्रवाल ने बताया कि हादसे में यात्रियों का काफी सामान जल गया है और उसकी लिस्टिंग की जा रही है। फोरेंसिक टीम जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।
रेलवे ने बाद में अंबाला कैंट स्टेशन पर ट्रेन की तीन नई बोगियां लगाकर यात्रियों को उनके गंतव्य के लिए रवाना किया। यात्रियों ने राहत की सांस ली, पर सवाल यह भी उठ रहा है कि इतने बड़े हादसे में बोगी की सुरक्षा जांच पहले क्यों नहीं हुई।
Author1